सोमवार को दिल्ली के सभी बॉर्डर पर किसान नेता करेंगे अनशन
नई दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली के सभी बॉर्डर पर सोमवार को अनशन किये जाने का फैसला लिया है। एक दिनी अनशन के दौरान हर किसान संगठन से एक किसान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे अनशन पर रहेगा। मोर्चा ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक केंद्र सरकार तीनों नए कृषि कानून वापस नहीं लेती किसान आंदोलन जारी रहेगा और चरणबद्ध तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगा। रविवार को पत्रकार वार्ता के दौरान प्रमुख किसान नेता शिवकुमार शर्मा, राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, सुरजीत सिंह, रुद्दु सिंह मानसा समेत अन्य नेता उपस्थित थे। किसान नेताओं ने पत्रकार वार्ता में चार मांगे रखी हैं, इनमें तीनों कृषि कानून रद्द करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी कानून बनाने, प्रस्तावित बिजली बिल को रद्द करने और पराली जलाने के मुद्दे पर किसानों का शोषण बंद करने की मांग शामिल हैं। मोर्चा ने दो टूक कहा है इसके अलावा उनकी कोई अन्य मांग नही है। इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने कहा है कि भारतीय किसान यूनियन (भानू), संयुक्त किसान मोर्चा का हिस्सा नहीं है। किसान नेताओं का कहना है कि वीएम सिंह को संयोजक पद से हटा दिया गया है। ऐसे में अब वीएम सिंह के बयान से किसान मोर्चा का कोई सरोकार नहीं होगा। किसान नेताओं ने पलवल बॉर्डर पर धरने में शामिल होने पहुच रहे मध्य प्रदेश के किसानों के वाहनों के चालान किये जाने का आरोप लगाते हुए हरियाणा पुलिस की कड़ी निंदा की है। संयुक्त मोर्चा ने बताया है कि सोमवार को दिल्ली के सभी बॉर्डर पर एक तरफ जहां किसान संगठन के नेता सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक अनशन पर रहेंगे वहीं दूसरी तरफ देशभर के जिला मुख्यालय पर किसान धरना प्रदर्शन करेंगे।