VIDEO: कृषि बिल का विरोध करने निकले दो छात्रों को पुलिस ने लिया हिरासत में

ग्वालियर। किसान आंदोलन का असर अब शहर में भी दिखने लगा है। खुद को किसान का बेटा बताते वाले युवक आज केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के बंगले पर पैदल मार्च करते हुए जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं गांधी उद्यान में स्कूल-कॉलेज के छात्रों ने कृषि बिल वापस लिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि तीन कृषि विधयेक वापस लिए जाने की मांग को लेकर हरियाणा-पंजाब के किसान पिछले 12 दिनों से दिल्ली की सीमा पर आंदोलनरत हैं। हालांकि केंद्र सरकार लगातार आंदोलनरत किसान नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर रही है। बाबजूद इसके कई दौर की चर्चा के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला है। किसान, विधयेक वापस लेने की मांग पर अड़े हैं और केंद्र सरकार किसी भी सूरत में विधयेक वापस लेने को तैयार नहीं है। किसान आंदोलन का असर अब शहर में भी देखने को मिल रहा है। 2 दिसम्बर को भितरवार के घरसोन्दी ग्राम से किसानों का एक जत्था ट्रेक्टर में सवार होकर सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुआ है। जिसे पुलिस ने पलवल बॉर्डर पर रोक लिया है। रविवार को दो युवक खुद को किसान का बेटा बताते हुए पैदल मार्च करने निकले थे। दोनों युवक केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सरकारी बंगले पर पहुचकर मुंडन कराकर अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे। इससे पहले इंदरगंज चौराहे पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दोनों युवक हाथ में तख्तियां लिए हुए थे जिन पर लिखा था "जय जवान-जय किसान" और "हम किसान के हैं बेटे"। वहीं पुलिस का तर्क है दोनों युवकों के पास किसी विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। फूलबाग चौराहा स्थित गांधी उद्यान के सामने स्कूल-कॉलेज के एक दर्जन से ज्यादा छात्रों ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार से कृषि बिल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारी छात्र गांव से शहर में पढ़ने आये हैं। उनका कहना है वह कृषि बिल के विरोध में किसानों के साथ हैं। केंद्र सरकार लगातार किसानों का दमन कर रही है इसलिए वह 8 दिसम्बर को होने वाले भारत बंद का समर्थन करते हैं।