पालकी में सवार होकर निकले श्री जी, 3 दिसंबर को होगा वार्षिक उत्सव का समापन
ग्वालियर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनक गंज में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से और कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए मनाया जा रहा है। यह उत्सव 24 नवंबर से प्रारंभ होकर 3 दिसंबर तक चलेगा। जिसमें 24 नवंबर को अखंड पाठ, 26 नवंबर को श्रीजी का मक्खन श्रंगार, 27 नवंबर को तुलसी विवाह, 28 नवंबर को हरिहर दर्शन, 30 नवंबर को मत्स्या अवतार दर्शन व 1 दिसंबर को पालकी यात्रा निकाली गई। 3 दिसंबर को प्रसाद वितरण के साथ वार्षिक उत्सव का समापन होगा। गौरतलब है कि श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जनक गंज में हर वर्ष बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। मगर इस बार कोरोना काल के चलते यह उत्सव कोरोना की रोकथाम के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मनाया गया। इस अवसर पर उन्हीं भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया गया जो मास्क लगाकर श्री जी की आराधना करने पहुचे थे। इस मौके पर मंगलवार को श्री जी की पालकी यात्रा निकाली गई। जिसमें सभी भक्त मुंह पर मास्क पहनकर सम्मलित हुए। ढोल नगाड़ों के साथ मंदिर से शुरू होकर पालकी यात्रा जनक गंज क्षेत्र का भ्रमण कर वापस मंदिर परिसर पहुची। पालकी यात्रा का जगह-जगह भक्तों ने स्वागत कर अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचकर श्री लक्ष्मी नारायण भगवान की आरती की गई। जिसमें विशेष तौर पर आज भगवान लक्ष्मी नारायण के गर्भ गृह को केले के पेड़ से बने हुए तनों से सजाया गया था। आरती के बाद मंदिर पहुंचे भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार 3 दिसंबर को होने वाले पातल-भाजी भंडारे को इस बार कोरोना काल के चलते निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को श्रीजी को लगाए गए हलवे के भोग का प्रसाद बांटा जाएगा।