कार्तिक पूर्णिमा; कार्तिकेय मंदिर के पट खोले गए, श्रद्धालुओं ने कोविड नियमों का पालन करते हुए की पूजा-अर्चना, देखें वीडियो

ग्वालियर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज भगवान कार्तिकेय मन्दिर के पट खोले गए। साल में एक दिन खुलने वाले कार्तिकेय मन्दिर में आज भक्तों ने बड़ी संख्या में कोविड नियमों का पालन करते हुए उनकी आराधना की और आशीर्वाद लिया। शहर के जीवाजीगंज क्षेत्र में भगवान कार्तिकेय का प्राचीन मंदिर है। माना जाता है कि यह मंदिर तकरीबन 400 वर्ष पुराना है। मान्यता अनुसार हर साल कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक दिन के लिए मंदिर के पट खुलते हैं। सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन मौके पर मन्दिर के पट रविवार रात 12 बजे खोले गए। जिसके बाद भगवान कार्तिकेय का अभिषेक व श्रंगार किया गया और सोमवार सुबह से भक्तों का मंदिर पहुचना शुरू हो गया। इस अवसर पर भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने पहुचे श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। खास बात यह रही कि इस दौरान श्रद्धालुओं ने कोरोना काल के चलते तय कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया। कार्तिकेय भक्त मुंह पर मास्क लगाकर और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मंदिर में दर्शन करते देखे गए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत मन्दिर परिक्षेत्र में पुलिस बल मौजूद रहा।