कोरोना को हराने सोशल मीडिया पर सक्रिय हुआ बुद्धिजीवी वर्ग, दिग्गज पत्रकार प्रभात डबराल ने की फेसबुक पर लोगों से अपील, घर में भी पालन करें कोविड 19 दिशा निर्देशों का

ग्वालियर। वक्त आ गया है अब कोरोना संक्रमण की रोकथाम के प्रयास लोग अपने घर से करें। यानी लोग अपने घर में कोविड 19 के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन भले ही ना कर पाएं पर मुंह पर मास्क आदि का घर में इस्तेमाल कर इसके संक्रमण की रोकथाम में सहयोगी जरूर बन सकते हैं। सर्वविदित है कोरोना संक्रमण वैश्विक महामारी है और इसकी दूसरी लहर के हालात देश में लगभग नजर आने लगे हैं। इसकी रोकथाम के लिए बुद्धिजीवी वर्ग ने सोशल मीडिया पर मोर्चा संभाल लिया है। देश के दिग्गज पत्रकार और लेखक प्रभात डबराल ने फेसबुक पर एक पोस्ट की है। जिसके जरिये उन्होंने लोगों से कोविड 19 दिशा निर्देशों का अपने घर में भी पालन करने की अपील की है। श्री डबराल लिखते हैं "एक बात तो एकदम साफ़ है कि जब हम अपनी इमीडिएट फ़ैमिली या बहुत नज़दीकी दोस्तों के साथ होते हैं तो थोड़ा लापरवाह हो जाते हैं। किसी दूकान, पार्क, सड़क पर हों तो हम ज़्यादा सावधान होते हैं, कोशिश करते हैं कि मास्क लगा हो, एक दूसरे को कम से कम छुएँ और सेफ़ दूरी बनाएँ रखें। लेकिन भाई, बहनों, बच्चों और ख़ास दोस्तों के साथ ये सब एहतियात रखने की ज़रूरत महसूस नही होती। आम तौर पर मास्क उतर जाते हैं, सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रहता। ये स्थिति सबके लिए ख़तरनाक है। हमारे अपने लिए भी और उन रिश्ते- नातेदारों के लिए भी जिनसे हम मिल रहे हैं। हमे क्या पता कि हम में से कौन, कहां से संक्रमण ले आया है और उसे दे रहा है जिसे वो सबसे ज़्यादा चाहता है। इसलिए अगर संक्रमण की चेन तोड़ने के प्रयासों में योगदान करना है तो ये काम घर से शुरू होना चाहिए। सारी दुनियाँ में इस पर गहन बहस हो रही है। पूरे परिवार में एक साथ संक्रमण फ़ैलने की लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद ये चर्चा शुरू हुयी है। घर में हैं, अपनों के बीच हैं तब भी बार बार हाथ धोने और जितना हो सके मास्क पहने रहने के अलावा और कोई चारा नही हैं। शादी-ब्याह और दूसरे पारिवारिक समारोहों में कम से कम लोग रहे और जो हैं वो मास्क लगाए रखें, ये संक्रमण रोकने की पहली शर्त है। इसके लिए ज़रूरी है कि कोई समारोहों में ना बुलाए तो नाराज़ ना हों और कोई ना आए तो भी नाराज़ ना हों। अमरीका में थैंक्सगिविंग बड़ा त्योहार है। इस दिन खूब पार्टीबाज़ी होती है, इस साल नही होगी। बिल गेट्स सहित कई बड़े बड़े लोगों को मैने टीवी पर बोलते सुना कि वो इस साल कोई बड़ी पार्टी न देंगे और न किसी पार्टी में शामिल होंगे। हाँ, ये कोशिश ज़रूर करेंगे कि एक दूसरे की पार्टी में ऑनलाइन शामिल हों। अच्छा रहेगा कि हम भी जब तक वेक्सीन सब तक नही पहुँचती, जितना हो सके समारोहों को 'ओनलाइन' ही मनायें।" आखिर में प्रभात डबराल लिखते हैं "ये पोस्ट बाज़ारों में बिना मास्क पहने भीड़ लगाने वालों के लिए नहीं है। पोस्ट उनके लिए है जो संक्रमण की चेन तोड़ने के प्रयासों में योगदान करना चाहते हैं।" ( साभार: श्री प्रभात डबराल सर की फेसबुक बॉल से )