ऐंटी माफिया मुहिम शुरू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता से जुड़े मैरिज गार्डन पर प्रशासन की कार्यवाही
ग्वालियर। उपचुनाव खत्म होते ही शिवराज सरकार ने प्रदेश में एंटी माफिया अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान की शुरुआत ग्वालियर से हुई जहां जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आज कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मैरिज गार्डन पर कार्यवाही करते हुए टीन शेड से बनाया गया ढांचा धराशायी कर दिया। वहीं मैरिज गार्डन प्रबंधन ने जिला प्रशासन की कार्यवाही को नियम विरुद्ध बताया है। उनका आरोप है कार्यवाही बिना नोटिस दिए की जा रही है।
जिला एवं पुलिस प्रशासन का अमला बुधवार को अचानक गांधी रोड स्थित बालाजी मैरिज गार्डन पहुचा। इस दौरान अमले का नेतृत्व एडीएम आशीष तिवारी कर रहे थे। कार्यवाही के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए एडीएम आशीष तिवारी ने बताया कि बालाजी मैरिज गार्डन में अतिक्रमण किये जाने की शिकायत मिली थी। इसी के आधार पर अतिक्रमण विरोधी अमला कार्यवाही करने मैरिज गार्डन पहुचा था, यहां एक टीन शेड से निर्मित ढांचा धराशायी किया गया है। बालाजी मैरिज गार्डन कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह का बताया जा रहा है। जबकि अशोक सिंह का कहना है यह उनके रिश्तेदार का है। वहीं बालाजी मैरिज गार्डन से जुड़े इंदर सिंह का कहना है कि गार्डन की पावर ऑफ अटॉर्नी उनके नाम है। जिला प्रशासन बिना किसी नोटिस के कार्यवाही कर रहा है। जो नियम विरुद्ध है। हालांकि मैरिज गार्डन से जुड़े लोगों द्वारा तुड़ाई पर आपत्ति जताने के बाद एडीएम ने मौके पर मौजूद अधीनस्थों को सबंधित भूमि का नए सिरे से सीमांकन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट कर दिया है अगर मैरिज गार्डन प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाता या फिर सीमांकन के दौरान जमीन पर अतिक्रमण पाया गया तो 24 घण्टे का नोटिस देकर गुरुवार दोपहर कार्यवाही की जाए। इससे पहले अतिक्रमण हटाने के दौरान जिला एवं पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।