बराक ओबामा ने राहुल गांधी और मनमोहन सिंह का जिक्र किया अपनी किताब में

ग्वालियर/ दिल्ली। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी एक प्रकाशित होने जा रही किताब में कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए टिप्पणी की है। इसमें बराक ओबामा ने राहुल गांधी के लिए लिखा है, “राहुल उस स्टूडेंट की तरह हैं जो टीचर को इम्प्रेस करने के लिए तो उत्सुक है, लेकिन सब्जेक्ट का मास्टर होने के मामले में योग्यता या जुनून की कमी है। यह राहुल की कमजोरी है।” ओबामा जब सत्ता में थे तब राहुल गांधी कांग्रेस के उपाध्यक्ष थे। ओबामा आखिरी बार दिसंबर 2017 में भारत आए थे, तब राहुल ने उनसे मुलाकात की थी। जिसके बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि ओबामा से मुलाकात शानदार रही। गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल वाली UPA सरकार के समय नवंबर 2009 में ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल भारत दौर पर आए थे, तब मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरुशरण कौर ने ओबामा परिवार के लिए डिनर भी रखा था। किताब में ओबामा ने मनमोहन सिंह को शांत और ईमानदार बताया है। ओबामा की 768 पेज की किताब 17 नवंबर को विमोचित की जाएगी। द न्यूयॉर्क टाइम्स ने इसके कुछ हिस्सों का रिव्यू पब्लिश किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ओबामा ने अपनी किताब में दूसरे देशों के नेताओं के बारे में भी लिखा है। रूस के प्रेसिडेंट ब्लादिमीर पुतिन को शारीरिक रूप से साधारण बताया है। अमेरिका के प्रेसिडेंट इलेक्ट जो बाइडेन के बारे में लिखा है कि वे सज्जन, ईमानदार और वफादार हैं। बाइडेन को लगे कि उन्हें तवज्जो नहीं मिल रही है तो वे गुस्सा हो सकते हैं, यह ऐसी क्वालिटी है जो किसी युवा से डील करते वक्त माहौल बिगाड़ सकती है।