बार काउंसिल ने दिए 5 सदस्यों की सदस्यता बहाल करने के आदेश, बार के अध्यक्ष, सचिव व कार्यकारिणी सदस्यों को बार काउंसिल ने जारी किया नोटिस
पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद ने उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ ग्वालियर को निर्देश दिए हैं कि संघ द्वारा जिन पांच सदस्यों की सदस्यता समाप्त की गई है उनकी सदस्यता फिर बहाल की जाए। इसके साथ ही परिषद ने संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों को नोटिस जारी कर कहा है कि क्यों ना इस कार्य के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ ग्वालियर ने सदस्य योगेश चतुर्वेदी, संजय गुप्ता, प्रशांत शर्मा, विवेक जैन एवं हरीश दीक्षित की सदस्यता को समाप्त कर दिया था। संघ ने उनकी यह सदस्यता संघ द्वारा किए गए हड़ताल के आह्वान के बाद भी उनके द्वारा न्यायिक कार्य में भाग लिए जाने के कारण समाप्त की गई थी। इसे सदस्यों द्वारा हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट के निर्देश के बाद बार काउंसिल ने उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ को निर्देश दिए कि उनके द्वारा जिन सदस्यों की सदस्यता समाप्त की गई है उसे तत्काल निरस्त कर सभी की सदस्यता बहाल की जाए। बार काउंसिल द्वारा उक्त निर्देश देते हुए कहा गया कि उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ ग्वालियर ने अधिवक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिषद से कोई अनुमति नहीं ली। बार को कार्यवाई से पहले बार काउंसिल से अनुमति लेना अनिवार्य है। राज्य अधिवक्ता परिषद ने बार के अध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों को नोटिस जारी करते हुए उन्हें 7 दिन में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। बार काउंसिल द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि ग्वालियर बार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित सिद्धांत के विपरीत जाकर सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने का जो आदेश दिया गया है वह नियम विरुद्ध है इसलिए क्यों न उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए।