विधानसभा उप निर्वाचन-2020; लगभग 8,30,459 मतदाता करेंगे 35 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं डबरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान मंगलवार को

ग्वालियर। जिले के ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं डबरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विधानसभा उप निर्वाचन कार्यक्रम के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 3 नवम्बर को मतदान होगा। मतदान का समय प्रात: 7 बजे से सायंकाल 6 बजे तक निर्धारित है। जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे 35 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 8 लाख 30 हजार 459 मतदाता करेंगे। जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव हो रहा है। इन विधानसभा क्षेत्रों से तीन विधायक चुनने के लिये 3 नवम्बर को वोट डाले जायेंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित सांघी के निर्देशन में जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिये सुरक्षा के पुख्ता और व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर में 9 उम्मीदवार, ग्वालियर पूर्व में 12 उम्मीदवार एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र - डबरा (अजा.) में 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 8 लाख 30 हजार 459 मतदाताओं में 4 लाख 44 हजार 136 पुरूष मतदाता, 3 लाख 86 हजार 288 महिला एवं 35 अन्य मतदाता हैं। जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-16 ग्वालियर पूर्व में सबसे अधिक अर्थात 3 लाख 13 हजार 210 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा अजा. में हैं। यहाँ के कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 28 हजार 178 है। अगर बात करें विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की तो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-15 ग्वालियर में कुल मतदाता की संख्या 2,89,071 है। जिसमें पुरूष मतदाता 1,55,108 व महिला मतदाता 1,33,946 एवं अन्य 17 अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-16 ग्वालियर पूर्व में कुल मतदाता की संख्या 3,13,210 है। जिसमें पुरूष मतदाता 1,67,988 व महिला मतदाता 1,45,209 एवं अन्य 13 मतदाता मतदान करेंगे और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा (अजा.) में कुल मतदाता 2,28,178 जिसमें पुरूष मतदाता 1,21,040 व महिला मतदाता 1,07,133 एवं अन्य 5 मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। ( साभार: संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय ग्वालियर )