कोविड-19 के दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने पर न्यायालय हुआ और सख्त, केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री पर FIR के आदेश, चुनावी सभाओं में करना होगा कड़ाई से दिशा निर्देशों का पालन, आयोग की मंजूरी के बाद ही हो सकेंगी सभाएं
पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। हाईकोर्ट ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ कोविड-19 के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर एफ आई आर दर्ज करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही न्यायालय ने चुनावी सभाओं के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब चुनावी सभाएं चुनाव आयोग की मंजूरी के बिना नहीं हो सकेंगी। न्यायमूर्ति श्री शील लागू एवं न्यायमूर्ति श्री राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कलेक्टर ग्वालियर एवं कलेक्टर दतिया को आदेश दिया है कि वे एफ आई आर दर्ज कर 23 अक्टूबर तक अपना पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। हाई कोर्ट ने यह आदेश कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन नहीं करने पर लंबित जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए दिए हैं। न्यायालय ने अपने आदेश में यह भी कहा कि इस न्यायालय द्वारा पूर्व में दिए गए आदेश जारी रहेंगे। इसके साथ ही न्यायालय ने रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के कलेक्टरों को आदेश की प्रति भेजी जाए। एडवोकेट आशीष प्रताप सिंह द्वारा एडवोकेट सुरेश अग्रवाल के माध्यम से प्रस्तुत की गई याचिका की सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता पुरुषेन्द्र कौरव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शासन का पक्ष रखा। एडवोकेट सुरेश अग्रवाल का कहना था कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन नहीं कराया जा रहा है। जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आवेदन दिया गया था प्रशासन ने उनके खिलाफ कार्यवाही नहीं की है।
न्यायालय ने कहा कि कोविड-19 के दिशा निर्देशों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है चुनाव आयोग द्वारा राजनीतिक दलों को एक्चुअल सभाओं की जगह वर्चुअल चुनाव अभियान का संचालन करने का सुझाव दिया है। न्यायालय ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के जरिए चुनाव प्रचार कर कोविड-19 के कारण जो असाधारण परिस्थितियां उत्पन्न हुई है उनसे बचा जा सकेगा। न्यायालय ने राजनीतिक दलों को चुनावी सभा के लिए चुनाव आयोग से अनुमति लेने तथा उन्हें यह भी बताना होगा कि वर्चुअल सभा क्यों नहीं की जा सकती। इसके साथ ही उन्हें कलेक्टर को संतुष्ट करना होगा की भौतिक सभा क्यों जरूरी हैं, कलेक्टर राजनीतिक दलों के आवेदन पर विचार के बाद बोलता हुआ आदेश पारित करेंगे। उन्हें इसकी पूरी जानकारी चुनाव आयोग को भी देना होगी,
राजनीतिक दल चुनाव आयोग की अनुमति के बाद ही भौतिक सभा कर सकेंगे लेकिन उन्हें सभा में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क व सैनिटाइजर पर खर्च होने वाली राशि कलेक्ट्रेट में जमा करनी होगी, भौतिक सभा के लिए यह शपथ पत्र भी देना होगा कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन होता है तो उसके लिए आयोजक जिम्मेदार होंगे के आदेश दिए हैं। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि कोरोना महामारी के चलते राजनीतिक दलो को जिस प्रकार से लोगों की सुरक्षा की चिंता करना चाहिए वह नहीं की जा रही है। न्यायालय ने कहा कि सभी को स्वस्थ जीवन जीने का अधिकार है वहीं उम्मीदवार एवं वोटर को भी संविधान में अधिकार दिए हैं कि वे अपना प्रचार करें एवं वोटर उम्मीदवार का चयन करें। वर्तमान समय में कोरोना महामारी के कारण जो हालात निर्मित हुए हैं उन्हें देखते हुए राजनीतिक दलों को अपने कार्यक्रमों में कोविड-19 के दिशा निर्देशों का पालन करना चाहिए था जो नहीं किया गया है इसलिए न्यायालय को यह निर्देश देना पड़ रहे हैं।