पिछले 7 दिनों के सरकारी आंकड़े, नए कोरोना संक्रमितों की संख्या में आई कमी, मौतों में वृद्धि चिंताजनक
ग्वालियर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दस हज़ार पार हो चुकी है। अगर हर रोज मिलने वाले नए संक्रमितों की बात करें तो उनमें जरूर कमी आई है, जो सरकारी आंकड़े बताते हैं। लेकिन चिंता की बात यह है कि हर रोज होने वाली मौतों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक सोमवार तक जिले में मिलने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या दस हज़ार चार सौ सात हो गई है। जिला प्रशासन द्वारा रोकथाम के तमाम प्रयासों के बाबजूद संक्रमितों की संख्या का सरकारी आंकड़ा राहत देने वाला कतई नहीं है। इतना ही नहीं सरकारी आंकड़ों के अनुसार संक्रमित मौतों की संख्या अब तक एक सौ उन्नतीस तक पहुच गई है। जिसमें सर्वाधिक मरीजों की मौत वाला दिन आज यानी सोमवार दर्ज किया गया। इस रोज अब तक की सर्वाधिक छह मौतें हुईं। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा सभी लॉक डाउन और अनलॉक व्यवस्था का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पालन कराया गया। ऐसे में सनकमितों की संख्या में पिछले एक हफ्ते में जरूर कमी आई है। सरकारी आंकड़ों यानी मेडिकल हेल्थ बुलेटिन की मानें तो बीते सात दिन में नौ सौ उन्नतीस नए संक्रमित मिले है और चौबीस संक्रमितों की मौत हुई है। इससे पहले बीते सात दिन में एक हज़ार चार सौ नवासी संक्रमित मिले थे और सौलह मरीजों की मौत हुई थी। जाहिर है कि बीते सात दिनों में जिले में नए संक्रमितों की संख्या में जरूर कमी आई है लेकिन मौतों में वृद्धि हुई है, जो चिंता की बात है।