रागायन की सभा में खिले सुरों के फूल
ग्वालियर। लंबे अरसे बाद आज हुई रागायन की सभा में सुरों का खूब रंग जमा। नवोदित कलाकारों से लेकर वरिष्ठ कलाकारों ने सभा में अपने गायन वादन से रसिकों को मुग्ध कर दिया। लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला में हुई सभा का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविधालय के रजिस्ट्रार प्रो कृष्णकांत शर्मा एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शाला के महंत स्वामी रामसेवक दास जी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुरु पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। सभा की पहली प्रस्तुति में पूना से आई श्रीमती ऋतु कुणाल देशपांडे का गायन हुआ। उन्होंने राग श्याम कल्याण से गायन की शुरुआत की। रूपक में निबद्ध विलंबित बंदिश के बोल थे - म्हारा रसिया। जबकि एक ताल में मध्यलय की बंदिश के बोल थे- चुन चुन लावो कलियां । उन्होंने तीन ताल में द्रुत बंदिश पेश की ,जिसके बोल थे - गावो रे मन गावो। गायन का समापन ऋतु ने काफी में टप्पे से किया। उनके साथ उनके पिता ने तबले पर एवं हारमोनियम पर संजय देवले ने संगत की। सभा की दूसरी प्रस्तुति में विख्यात कलाकार पंडित सुनील पावगी का सुमधुर हवाइन गिटार वादन हुआ। उन्होंने अपने वादन के लिए राग हेमंत का चयन किया। आलाप जोड़ झाला से शुरू करके उन्होंने इस राग में तीन गतें बजाईं। विलंबित गत तीन ताल में ,मध्यलय की गत झपताल में एवं द्रुत गत तीन ताल में। तीनो ही गतों को उन्होंने रागदारी की बारीकियों का निर्वहन करते हुए प्रस्तुत किया। उनके वादन में गायकी अंग और तंत्रकारी का समुचित समावेश देखने को मिलता है। उनके साथ तबले पर विकास विपट ने ओजपूर्ण संगत का प्रदर्शन किया। सभा का समापन पंडित महेश दत्त पांडेय के खयाल गायन से हुआ। श्री पांडेय ने राग मालकौंस से गायन की शुरुआत की। तिलवाड़ा में निबद्ध विलंबित बंदिश के बोल थे- पीर न जानी, जबकि तीनताल में द्रुत बंदिश के बोल थे- चूड़ियां मोरी करकाईं। दोनों ही बंदिशों को गाने में आपने पूरे कौशल का परिचय दिया। रागदारी के साथ गायन के सभी अंगों को निभाते हुए उन्होंने ऐसी रसवर्षा की कि रसिक मुग्ध हो गए। आपके साथ तबले पर अनंत मसूरकर और हारमोनियम पर संजय देवले ने साथ दिया। कार्यक्रम का संचालन पंडित रामबाबू कटारे ने किया।