राजनेता नहीं कर रहे कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन, न्याय मित्रों ने हाई कोर्ट के निर्देश पर शहर में हुए कार्यक्रमों को लेकर अपनी रिपोर्ट की पेश, रिपोर्ट में कहा-प्रशासन ने केवल आम जनता पर की कार्यवाही

पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। शहर में आयोजित हो रहे राजनीतिक एवं अन्य कार्यक्रमों में कोविड-19 को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया है। हाई कोर्ट द्वारा नियुक्त न्याय मित्रों ने हाई कोर्ट के निर्देश पर प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में यह बात कही है। हाईकोर्ट ने आशीष प्रताप सिंह की जनहित याचिका पर तीन अधिवक्ताओं को न्याय मित्र नियुक्त करते हुए शहर में आयोजित राजनीतिक एवं अन्य कार्यक्रमों पर अपने रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। न्याय मित्र एडवोकेट संजय द्विवेदी, एडवोकेट राजू शर्मा एवं एडवोकेट विजय दत्त शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में कहा गया कि 20 सितंबर को कलेक्टर ने नई गाइडलाइन जारी की थी, जिसमें धार्मिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में 100 लोगों की संख्या निर्धारित की है। नई गाइडलाइन में भी मास्क लगाया जाना एवं निर्धारित शारीरिक दूरी बनाए रखना अनिवार्य है लेकिन शहर में 20 सितंबर से 24 सितंबर तक हुए कार्यक्रमों में इस गाइडलाइन का कोई पालन नहीं किया गया। राजनीतिक कार्यक्रमों में सड़कों पर भीड़ नजर आए जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन होता रहा। इन कार्यक्रमों में सैनिटाइजेशन की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। कार्यवाही के नाम पर प्रशासन ने केवल आम जनता पर मामले दर्ज किए हैं लेकिन इसके लिए जिम्मेदार किसी भी बड़े पदाधिकारी या नेता के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। रिपोर्ट में राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल लोगों के फोटो भी प्रस्तुत किए गए हैं जिसमें लोगों को बिना मास्क के देखा जा सकता है। अधिवक्ता आशीष प्रताप सिंह ने यह याचिका कोरोना महामारी के लगातार फेलने के बावजूद लगातार हो रहे भीड़ भरे कार्यक्रमों पर रोक लगाए जाने के लिए प्रस्तुत की गई है। याचिका में कहा गया कि राजनीतिक दलों द्वारा जिस प्रकार से गाइड लाइन का उल्लंघन कर जिस प्रकार कार्यक्रम आयोजित कर लोगों के जीवन को खतरे में डाला जा रहा है उससे शहर मैं कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ी है। यही नहीं मृतकों का आंकड़ा भी चिंताजनक तरीके से बढा है।