बिहार चुनावों की तारीखों का ऐलान, तीन चरणों में होगा मतदान, 28 अक्टूबर, 3 नवम्बर और 7 नवम्बर को होगा मतदान, 10 नवम्बर को होगी मतों की गिनती
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने आज बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त अरोड़ा ने बताया कि कोरोना दौर में यह पहला बड़ा चुनाव है। इस दौर में दुनिया के 70 देशों में चुनाव टाल दिए गए। लेकिन चुनाव नागरिकों का लेकतांत्रिक अधिकार है। इसलिए नए सुरक्षा मानकों के तहत चुनाव कराए जाएंगे। नामांकन ऑन लाइन भी भर सकेंगे और नामांकन में दो से ज्यादा वाहन नहीं जा सकेंगे। रोड शो में 5 वाहन होंगे। नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा लोग नहीं रहेंगे। एक बूथ पर 1000 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। 5 से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं करेंगे। इस बार चुनाव के लिए मतदान का समय 1 घण्टे बढ़ाया गया है। जिसके अनुसार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। चुनाव प्रचार सिर्फ वर्चुअल होगा। कोरोना मरीज भी मतदान कर सकेंगे यह मतदान की निर्धारित समयावधि के आखिरी घण्टे में मतदान कर सकेंगे। सुनील अरोड़ा के अनुसार चुनाव आयोग द्वारा तय गाइडलाइन आयोग की बेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। तीन चरणों में बिहार में चुनाव होंगे। पहले चरण में 71 सीटों पर 16 जिलों में, दूसरे चरण में 94 सीटों पर 17 जिलों में और तीसरे चरण में 15 जिलों में 78 सीटों पर चुनाव होंगे। पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को, दूसरे चरण का मतदान 3 नवम्बर और तीसरे चरण का मतदान 7 नवम्बर को होगा। 10 नवम्बर को मतों की गिनती होगी।