अतिथि शिक्षकों को भी मिलें सभी सुविधाएं, उनकी लड़ाई मैं लडूंगी- मंत्री इमरती देवी

ग्वालियर। अतिथि शिक्षकों को भी सभी सुविधाएं मिले, उनकी लड़ाई मैं लडूंगी। यह कहना है मध्य प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी का। मंगलवार को मंत्री इमरती देवी फूलबाग मैदान स्थित अतिथि शिक्षकों से ज्ञापन लेने उनके धरना स्थल पहुंची। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता मोहन सिंह राठौर भी मौजूद थे। अतिथि शिक्षक संगठन समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय धरने को संबोधित करते हुए मंत्री इमरती देवी ने कहा कि वह उनकी लड़ाई लड़ेंगी और सीएम समेत वरिष्ठ नेताओं से बात करेंगीं। इसके उपरांत महिला एवं बाल विकास मंत्री को संगठन के प्रदेशाध्यक्ष शंभू दयाल दुबे ने ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वाले नेताओं को मंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों लेकर वह सीएम शिवराज सिंह चौहान व राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से बात करेंगी। ज्ञापन के माध्यम से अतिथि शिक्षकों ने मांग की है कि अनुभव के आधार पर उन्हें नियमित किया जाए। ज्ञापन लेने के बाद मंत्री इमरती देवी ने पत्रकारों से बात करते हुए दोहराया कि कांग्रेस की कमल नाथ सरकार ने अतिथि शिक्षकों को लेकर वचन पत्र में वचन लिया था भाजपा ने नहीं। इसीलिए वचन नहीं निभाने पर उन्होंने अपने नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ विरोध किया था। मंत्री इमरती देवी का कहना है कि अतिथि शिक्षक पूरी ईमानदारी के साथ अपना काम करते हैं। संविदा शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों की तरह उनको भी सभी सुविधाएं मिले, इसलिए मैं उनकी लड़ाई लड़ूंगी। अंडे की जगह आंगनबाड़ी के बच्चों को दूध दिए जाने के सवाल पर मंत्री इमरती देवी ने कहा कि बच्चों का पोषण अंडे से ज्यादा दूध से संभव है और इसी को ध्यान में रखकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बच्चों को दूध दिए जाने का निर्णय लिया है। वहीं अतिथि शिक्षक संगठन ने प्रदेशाध्यक्ष शम्भू दयाल दुबे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए साफ कर दिया कि उपचुनाव के लिए आचार सहिंता लागू होने पहले सरकार उनकी मांगें माने अन्यथा वर्ष 2018 के विधान सभा चुनावों की तर्ज पर सरकार का विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक संगठन के पदाधिकारी तथा सदस्य उपस्थित रहे। वहीं मंत्री इमरती देवी से समर्थन मिलने के बाद अतिथि शिक्षक संगठन ने अपना धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया।