पितृपक्ष पर विशेष- सिद्धवट तीर्थ पर है 'श्राद्ध' का विशेष महत्व

उज्जैन से लगभग 5 किलोमीटर दूर भैरवगढ़ नामक बस्ती है, जिसे पुरातन उज्जयिनी भी माना जाता है। यहाँ एक टीले पर भगवान कालभैरव का प्रसिद्ध मंदिर है। भैरवगढ़ का नाम इन्हीं कालभैरव के नाम पर पड़ा है। भैरवगढ़ के पूर्व में पुण्य सलिला शिप्रा के सुरम्य तट सिद्धवट तीर्थ है, जहाँ पवित्र वटवृक्ष विद्यमान है। भारतीय धर्म परंपरा में जिस तरह प्रयाग के अक्षय वट, गया के गया वट, वृंदावन के वंशीवट व नासिक के पंचवट का महत्व माना गया है, ठीक उसी तरह उज्जयिनी के सिद्धवट तीर्थ का भी महत्व है। माना जाता है कि मुगलों द्वारा उज्जयिनी की संप्रभुता पर किये गये आक्रमण के दौरान यहाँ के धार्मिक स्थलों को भी ध्वस्त किया गया था। मुगलों ने इस वटवृक्ष का धार्मिक महत्व जानकर इस पर भी लोहे के बड़े-बड़े लौहपत्र ( तवे ) गढ़वा दिए थे, किंतु यह वटवृक्ष कुछ समय पश्चात पुनः हरा-भरा हो गया। स्कंद पुराण के अवंतिखंड के अनुसार माता पार्वती ने अपने पुत्र कार्तिकेय को इसी वटवृक्ष के नीचे भोजन कराया था और भगवान शिव ने इस वटवृक्ष को कल्पवृक्ष के रूप में ख्याति पाने का आशीर्वाद दिया था। ऐसा माना जाता है कि जिनके यहाँ पुत्र नही होते हैं, उन्हें इस सिद्धवट का दर्शन-पूजन करने से पुत्र संतान की प्राप्ति होती है। स्कंद पुराण के अवन्तिखण्ड के अनुसार ही देवाधिदेव महादेव के पुत्र कार्तिकेय ने तारकासुर का वध करने के पश्चात अपनी शक्ति यहाँ शिप्रा में फेंकी थी, जो पाताल में चली गई। इसलिए इस स्थान को शक्तिभेद तीर्थ भी कहा जाता है। स्कंद पुराण में इस स्थान को प्रेतशिला तीर्थ व पापमोचन तीर्थ भी कहा गया है। ऐसी मान्यता है कि इस तीर्थ पर स्नान करने से भूत बाधा नही होती है। यहीं पर पातालेश्वर महादेव भी विद्यमान हैं। कहा जाता है कि पृथ्वी पर जैसे-जैसे पाप-अनाचार बढ़ता जाता है, इस शिवलिंग का आकार घटता जाता है। सिद्धवट की कल्पवृक्ष होने की महत्ता होने के कारण  पितरों के निमित्त पिंडदान, तर्पण व श्राद्धकर्म किये जाने का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। अतः सिद्धवट के दर्शन व कर्मकांड के लिए प्रतिदिन यहाँ सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। श्राद्ध पक्ष में श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक बढ़ जाती है। सम्पूर्ण घाट पर पंडित-पुरोहित व श्रद्धालु कर्मकांड करते दिखाई देते हैं। श्राद्ध पक्ष के अतिरिक्त वैशाख शुक्ल चतुर्दशी और कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी ( बैकुंठ चौदस ) पर भी सिद्धवट के दर्शन व कर्मकांड करने के लिए श्रद्धालुओं का यहाँ तांता लगता है। साभार- योगेन्द्र माथुर 34, रावला, गुदरी बाजार, उज्जैन। मोबाइल- 94068 40150, ईमेल- yogendramathur.ujn@gmail.com