ध्रुपद की स्वर लहरियों के साथ मनाया गया महाराजा मान सिंह जन्मोत्सव
ग्वालियर। महाराजा मान सिंह कला, संगीत एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन एवं सचिव राजीव सिंह भदोरिया ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आज यानी बुधवार को प्रातः महाराजा मान सिंह चौक पर जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरोना वायरस से बचाव के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जन्मोत्सव मनाया गया। सर्वप्रथम समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन ने हाइड्रोलिक क्रेन द्वारा महाराजा मान सिंह की प्रतिमा पर पांच नदियों के जल से मूर्ति का जलाभिषेक किया गया और पुष्पमाला, चंदन, अक्षत एवं वैदिक मंत्रोचार के बीच पूजन किया गया। तत्पश्चात शहर के मशहूर ध्रुपद गायक अजीत सुखदाणे ने गायन की ऑनलाइन प्रस्तुति दी। इस मौके पर शहर के गणमान्य एवं जागरूक नागरिकों ने घर से ही महाराजा मान सिंह के चरणों में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। समिति ने इस वर्ष कोरोना महामारी को देखते हुए विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन श्रीमती रेशु राजावत के संयोजन में ऑनलाइन किया। जिसमें चित्रकला प्रदर्शनी, नृत्य कला, कविता लेखन, भाषण प्रतियोगिता तथा गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिनकी घोषणा एवं पुरस्कार वितरण भी ऑनलाइन किये जायेंगे।
जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर ग्वालियर के सांसद विवेक नारायण शेजवलकर मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने महाराजा मान सिंह के चरणों में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में समिति के संरक्षक सुरेंद्र सिंह तोमर एवं अध्यक्ष राकेश सिंह जादौन ने सांसद श्री शेजवलकर से आग्रह किया कि महाराजा मान सिंह की विरासत को संरक्षित रखने के लिए प्रतिमा के समीप ही एक संग्रहालय बनाया जाए ताकि कला एवं संगीत के प्रेमी उनसे प्रेरणा लेकर विरासत को सुरक्षित रख सकें। सांसद श्री शेजवलकर ने आग्रह स्वीकार कर विचार विमर्श के पश्चात मूर्त रूप देने का आश्वासन दिया है। जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर समिति द्वारा पुलिस प्रशासन के जांबाज सिपाहियों को कोरोना योद्धा सम्मान भी प्रदान किया। जिन्होंने दिन रात कोरोना महामारी में समर्पित भाव से अपना योगदान दिया है। कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र सिंह तोमर, सत्येंद्र सिंह भदोरिया, रामकुमार सिकरवार, श्याम सिंह तोमर, राजीव सिंह भदोरिया, आशा सिंह, उर्मिला तोमर, मीना चौहान, दीप्ति राजावत, मिथिलेश बघेल, अरविंद तोमर, सत्येंद्र सिंह तोमर, वेद प्रकाश सिंह तोमर, कमल सिंह सिकरवार, प्रीतम सिंह, जय सिंह सेंगर आदि उपस्थित रहे।