गेहूं खरीदी में भ्रष्टाचार के मामले में शासन को नोटिस, सीबीआई जांच की मांग को लेकर पेश की गई है याचिका, बरसात में अनाज के नष्ट होने पर जिम्मेदार अधिकारियों से वसूली के निर्देश दिए जाने की मांग
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। उच्च न्यायालय ने गेहूं खरीदी में हुए भ्रष्टाचार की सीबीआई से जांच कराए जाने की मांग को लेकर प्रस्तुत जनहित याचिका पर शासन को नोटिस जारी किए हैं। याचिका में बरसात के कारण खुले में रखे हजारों कुंटल गेहूं के नष्ट होने से इसके लिए जिम्मेेदार अधिकारियों पर कार्रवाही किए जाने के निर्देश देने का निवेदन भी किया गया है। एडवोकेट उमेश कुमार बोहरे द्वारा प्रस्तुत याचिका में कहा गया कि मध्यप्रदेश में एक करोड 29 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गेहूं खरीदने का रिकार्ड बना है। याचिका में कहा गया कि व्यापारियों ने फर्जी किसान बनकर अधिकारियों की मिली भगत से भ्रष्टाचार किया। भ्रष्टाचार के कारण ही इस गेहूं को सुरक्षित रखने के बजाए खुले में पटक दिया गया। इस कारण बरसात में हजारों टन गेहूं खराब हो गया है। इस प्रकार अधिकारियों ने जनता के पैसे को ही बर्बाद नहीं किया बल्कि अनाज को भी नष्ट किया है। बोहरे ने बताया कि गेहूं की खरीदी में करोडो रूपए का भ्रष्टाचार किया गया है। अगर गेहूं को सुरक्षित रखा जाता तो उसकी जांच होने पर भ्रष्टाचार पकडा जा सकता था। भोपाल में ही बरसात में बारह हजार टन गेहूं भीग गया। जबकि उज्जैन में दो लाख टन गेहूं भीगने से खराब हुआ है। अधिकांश जिलों में ऐसी ही स्थिति है। 17 लाख टन गेहूं खुले आसमान के नीचे रखा गया था। यह एक गंभीर अपराध है। याचिकाकर्ता ने कहा कि उनके द्वारा शासन से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई कर उनसे इस नुकसान की वसूली करने की मांग की थी। जिस पर शासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। इस कारण यह याचिका प्रस्तुत की गई है। याचिका में मांग की गई है कि जो गेहूं खरीदा गया है उसके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की जाए, जिससे कि अनाज बर्बाद न हो तथा भविष्य में गेहूं की खरीदी से पहले भंडार की उचित व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए जाएं।