महाराजा मानसिंह तोमर का जन्मोत्सव 17 अगस्त से, तीन दिवसीय आयोजन में होंगीं ऑनलाइन प्रतियोगिताएं

ग्वालियर। महाराजा मानसिंह तोमर कला, साहित्य एवं सांस्कृतिक समिति की गुरुवार को मानस भवन में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन ने की। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराजा मानसिंह तोमर के जन्मोत्सव पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आयोजित होने वाली सभी प्रतियोगिताएं ऑनलाइन होंगी। जन्मोत्सव की शुरुआत 17 अगस्त से होगी। 19 अगस्त को 5 नदियों के जल से महाराजा मानसिंह को प्रतिमा का अभिषेक कराया जाएगा। इसके उपरांत पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। स्वरांजलि के लिए ध्रुपद गायन के प्रस्तुति अभिजीत सुखदाणे अपने साथियों के साथ देंगे। जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के संयोजक घोषित कर दिए गए हैं। भाषण, कविता व लोक नृत्य प्रतियोगिता के लिए श्रीमती रेशु राजावत, चित्रकला प्रतियोगिता के लिए बलवंत सिंह भदौरिया एवं संगीत प्रतियोगिता के लिए अभिजीत सुखदाणे को संयोजक घोषित किया गया है। तीनों प्रतियोगिताओं का आयोजन 17,18 और 19 अगस्त को किया जाएगा। बैठक में समिति के सचिव राजीव सिंह भदौरिया, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय प्रमुख महामंत्री सुरेंद्र सिंह तोमर, समिति के उपाध्यक्ष महेश मुदगल, संयुक्त सचिव श्याम सिंह तोमर, श्रीमती रेशु राजावत, अभिजीत सुखदाणे, बलवंत सिंह भदौरिया आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।