ग्वालियर; शेरनी परी ने दिया 3 शावकों को जन्म

ग्वालियर। गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर), ग्वालियर में बब्बर शेर मादा परी ने 3 शावकों को जन्म दिया गया है। बताया जा रहा है रात 3 बजे तीनों शावको का जन्म हुआ। शेरनी परी और तीनों शावक स्वस्थ्य बताये जा रहे हैं। खास बात यह है कि मादा परी एवं नर जय द्वारा प्रथम बार शावकों को जन्म दिया गया है। इसलिए चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा विशेष सावधानी बरती जा रही है। उल्लेखनीय है कि गांधी प्राणी उद्यान में वर्ष 2012 में नंदनवन जू रायपुर से लाॅयन नर जय को और मादा परी को कानन पेण्डारी जू बिलासपुर से ग्वालियर चिड़ियाघर लाया गया था। ननि के पीआरओ से प्राप्त प्रेस विज्ञप्ति अनुसार नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने बताया है कि गांधी प्राणी उद्यान में बब्बर शेर (लाॅयन) के परिवार में अंतिम बार वृद्धि वर्ष 1992 में हुई थी। उसके बाद लगभग 28 साल बाद पुनः चिड़ियाघर प्रभारी डाॅ. उपेन्द्र सिंह यादव, क्यूरेटर गौरव परिहार, जू कीपर लियाकत खाँ एवं एनीमल कीपर अशोक की देखरेख में यह उपलब्धि हासिल हुई है। विज्ञप्ति के मुताबिक मादा परी एवं उसके तीनो शावक स्वस्थ्य प्रतीत हो रहे हैं। मादा को खाने के रूप में हल्का खाना जैसे चिकन सूप, दूध/उबले हुऐ अण्डे इत्यादि दिये जा रहे हैं। वर्तमान में कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुये चिड़ियाघर प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि तीनों शावकों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखें एवं तीस से चालीस दिन तक आईसोलेशन में रखा जाए, क्योंकि नवजात में संक्रमण की प्रबल संभावनाएं रहती हैं। इसको देखते हुए स्वास्थ्य संबधी समस्त प्रोटोकोल का पालन केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की निर्धारित गाईड लाईन के अनुसार किया जाए।