वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने की शर्त पर मिली जमानत, आर्मी सेंट्रल वेलफेयर फंड में जमा करने होंगे 25000

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। हाईकोर्ट ने जल संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को इस शर्त पर जमानत दी है कि वह अपने घर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएगा। न्यायालय ने इसके साथ ही आरोपी को आदेश दिया कि वह आर्मी सेंट्रल वेलफेयर फंड में 25000 रुपये जमा कराएं। न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने यह आदेश आरोपी राम भजन धाकड़ के जमानत आवेदन को स्वीकार करते हुए दिया है। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि वर्तमान समय में भूजल स्तर निरंतर गिरता जा रहा है। ऐसे में लोग वाटर हार्वेस्टिंग करें, समाज में यह संदेश देना जरूरी है। लिहाजा आरोपी जेल से रिहा होने के बाद अपने घर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाकर उसकी रिपोर्ट एक माह के अंदर न्यायालय में प्रस्तुत करेगा। आरोपी को अपनी रिपोर्ट में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने के फोटो भी प्रस्तुत करना होंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई प्रकरण की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए कहा कि आरोपी को एक माह में 25000 रुपये आर्मी सेंट्रल वेलफेयर फंड में जमा कराने होंगे। आरोपी की ओर से प्रस्तुत आवेदन में कहा गया कि वह सामाजिक सेवा करना चाहता है। न्यायालय ने प्रकरण के तथ्य एवं आरोपी के आवेदन पर विचार के बाद उपरोक्त आदेश दिए। आरोपी को अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी को लेकर भादवि की धारा 406, 420, 467 468, 471 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरियादी की ओर से आवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि उसके खिलाफ सोयाबीन के बैग गायब करने के जो आरोप लगे हैं वह सही नहीं है। शिकायतकर्ता ने चतुराई के साथ उसके खिलाफ आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने तथ्यों का खुलासा भी नहीं किया है। आवेदक ने कहा कि शिकायतकर्ता खुद एक आरोपी है।