बलात्कार पीड़ित मूकबधिर बालिका के बच्चे को दत्तक दिए जाने तक शिशु गृह में रखने के आदेश
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। हाईकोर्ट ने बलात्कार पीडित नाबालिग मूक बधिर बालिका के बच्चे को दत्तक दिए जाने तक शिशु गृह मुरैना में रखे जाने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने कलेक्टर मुरैना को यह भी निर्देश दिए कि बच्चे को दत्तक दिए जाने तक उसकी देखभाल की व्यवस्था की जाए एवं संपूर्ण रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत की जाए। न्यायमूर्ति श्री शील नागु ने पीड़ित बालिका की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिए। इस बालिका के साथ दो लोगों ने बलात्कार किया था। याचिकाकर्ता द्वारा उच्च न्यायालय में यह कहते हुए याचिका प्रस्तुत की थी कि वह नाबालिग है और अपने होने वाले बच्चे को रखना नहीं चाहती है इसलिए उसे गर्भपात की अनुमति दी जाए एवं चिकित्सा सुविधा प्रदान कराई जाए। न्यायालय के निर्देश पर चिकित्सा विशेषज्ञों ने बालिका की जांच कर बताया कि बालिका को तीस सप्ताह का गर्भ है जो गर्भपात के लिए निर्धारित सप्ताह से काफी अधिक है। इस स्थिति में बालिका का गर्भपात नहीं किया जा सकता है। न्यायालय को यह भी बताया गया कि बालिका की 15 से 16 साल की उम्र को देखते हुए इस अवस्था मे गर्भपात उसके स्वास्थ्य एवं जीवन के लिए खतरनाक हो सकता है। न्यायालय ने इस मामले में सलाह के लिए पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता अरविंद दूदावत को न्याय मित्र के रूप में नियुक्त किया। श्री दूदावत ने न्यायालय को बताया कि इस बालिका के प्रसव के बाद उसके बच्चे को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी मुरैना के माध्यम से दत्तक दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समिति इस बच्ची की पूरी देखभाल करेगी। उन्होंने न्यायालय को बताया कि विशेषज्ञों की सुविधा मुरैना में न होने के कारण उसे ग्वालियर में प्रसव के लिए भेजा गया। इस पर न्यायालय ने कलेक्टर मुरैना को निर्देश दिए थे कि पीडिता एवं उसके बच्चे के उपचार की पूरी व्यवस्था की जाए। न्यायालय के निर्देश के बाद उसे ग्वालियर भर्ती कराया गया जहां उसने 28 जुलाई 20 को एक बच्चे को जन्म दिया । न्यायालय को बताया गया कि सामान्य प्रसव होने के बाद बच्चा एवं प्रसूता दोनों ही स्वस्थ हैं। साथ ही न्यायालय ने कलेक्टर को यह निर्देश भी दिए हैं कि बच्चे को दत्तक दिए जाने तक पीडित एवं उसके बच्चे के उपचार एवं अन्य व्यवस्थाएं की जाएं। इस पर होने वाला खर्च शासन वहन करेगा। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी मुरैना याचिकाकर्ता और उसके पिता को बच्चे को दत्तक देने के लिए सहयोग करेगी। इसके लिए किशोर न्याय कानून के तहत जो भी औपचारिकताएं हैं वे सभी पूरी की जाएंगी। सारी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को दत्तक दिया जाएगा। इसके साथ ही चाइल्ड वेलफेयर कमेटी बच्चे को गोद दिए जाने तक हर पन्द्रह सप्ताह में अपनी रिपोर्ट न्यायालय की रजिस्ट्री के समक्ष प्रस्तुत करेगी।