जमानत के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर 2 माह के लिए लगाया बैन, आरोपी को 5 फलदार पेड़ भी लगाना होंगे, शर्त का पालन नहीं करने पर होगी जमानत निरस्त

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। हाईकोर्ट ने मारपीट के एक मामले में कृषि विज्ञान के छात्र को इस अनूठी शर्त पर जमानत कर रिहा किए जाने के आदेश किए हैं कि वह 2 माह तक अपने को सोशल मीडिया से अलग रखेगा। छात्र को अपनी परीक्षा की तैयारी जारी रखना होगी एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए 5 फलदार पेड़ भी लगाना होंगे। न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने यह फैसला छात्र हरेंद्र त्यागी के जमानत आवेदन को स्वीकार करते हुए दिया है। न्यायालय ने छात्र पर जो शर्त लगाई है उसके अनुसार उसे सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफार्म पर नहीं रहने के संबंध में थाने में डिजिटल डिटॉक्सिफिकेशन की मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। यदि वह ऐसा करने में असफल रहता है तो उसकी जमानत याचिका निरस्त हो जाएगी। ऐसा पहली बार हुआ है कि हाईकोर्ट ने जमानत देने के लिए इस प्रकार का प्रतिबंध लगाया है। न्यायालय ने यह भी निर्देश दिए हैं की जो आरोप छात्र पर लगाए गए हैं उस प्रकार के किसी भी कृत्य को वह नहीं दोहराएंगा। आवेदक बिना अनुमति के देश छोड़कर भी नहीं जा सकेगा। छात्र हरेंद्र त्यागी के खिलाफ भादवि की धारा 323 294 एवं 506 एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। छात्र द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत किए गए आवेदन में कहा गया कि उसके खिलाफ मारपीट करने छेड़छाड़ करने तथा धमकी देने के संबंध में लगाए गए आरोप झूठे हैं। आरोपी की ओर से यह कहा गया कि उसे 24 जून 2020 को गिरफ्तार किया गया है। इससे उसके भविष्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। लिहाजा उसे जमानत का लाभ दिया जाए। न्यायालय में आरोपी के आवेदन को स्वीकार करते हुए उसे सशर्त जमानत पर रिहा किए जाने के निर्देश दिए।