प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुप्रतीक्षित श्री राम मंदिर का किया भूमि पूजन

अयोध्या/ ग्वालियर। अयोध्या में राम मंदिर का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूमि पूजन किया। इससे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी पहुचकर दर्शन किए और आरती उतारी। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी जीपी महाराज ने उन्हें चांदी की मुकुट और वस्त्र भेंट किए। इसके बाद मोदी ने राम मंदिर का पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया। बुधवार को समूची अयोध्या राममय हो गई। शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। जगह-जगह प्रभु श्री राम के भजनों के साथ चरणामृत बांटा गया। भाजपा ने 10 में से 8 लोकसभा चुनाव में यही वादा दोहराया था, उसे मोदी ने पूरा किया। खास बात यह रही कि श्री राम मंदिर के भूमि पूजन एवं कार्यारंभ कार्यक्रम का सबसे पहला आमंत्रण इकबाल अंसारी को भेजा गया, जो बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे थे। 492 साल पहले बाबर के कहने पर अयोध्या में विवादित ढांचा बना था। आपको बता दें कि 1885 में पहली बार यह मामला अदालत में गया। 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने रामलला के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके ठीक नौ महीने बाद अयोध्या में राम मंदिर के लिए भूमिपूजन किया गया। आजादी के बाद मोदी इकलौते ऐसे प्रधानमंत्री होंगे, जो इस पद पर रहते हुए रामलला के दरबार में पहुचे होंगे। उनसे पहले इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी और खुद नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री अयोध्या पहुंचे, लेकिन रामलला के दर्शन नहीं कर पाए थे।