ग्वालियर; सुमधुर भजनों के बीच मनाया गया दीपोत्सव, मानस भवन में जगमग हुए 551 दीप
ग्वालियर। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन अवसर के पावन और ऐतिहासिक दिन तुलसी मानस प्रतिष्ठान ग्वालियर में श्री राम जी के चरणों में 551 दीप जलाकर दीप उत्सव मनाया गया। साथ ही भजन संध्या का आयोजन भी सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रमुख दीपक गंगा दास जी की बड़ी साला के महंत श्री रामसेवक दास जी महाराज, साडा के पूर्व अध्यक्ष राकेश जादौन, समाज सेवी विजय कुमार जैन, राजू सेठ, उधम सिंह यादव ने प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उपस्थित राम भक्तों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दीप जलाए। साथ ही शहर के भजन गायक पारुल बांदिल, मनीष भागवत एवं विजय भटनागर आदि ने मनभावन भजनों की प्रस्तुति देकर इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाया। इनके साथ तबले पर संगत डॉ विनय शिंदे ने तथा ढोलक पर जनाब इफ्तिखार खान नेकी दी। कार्यक्रम का संचालन विहवल सेंगर एवं आभार मनीष व्यास ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जितेंद्र जादौन, संजय प्रजापति लवकुश आदि मौजूद रहे।