डबल मर्डर और 80 लाख के जेवर गायब होने का मामला, अब हाईकोर्ट देखेगा 32 साल में पुलिस ने क्या जांच की

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर । 32 साल पहले उपनगर ग्वालियर में पड़ी डकैती में दो लोगों की हत्या कर लूटे गए 80 लाख रुपए के जेवर माल खाने से गायब होने के मामले में पुलिस ने अब तक क्या जांच की है इसे अब हाई कोर्ट देखेगा। न्यायालय ने इस मामले की केस डायरी 6 अगस्त को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। न्यायमूर्ति श्री जी एस अहलूवालिया ने शासन को निर्देश देते हुए कहां की इस मामले में अब तक क्या जांच की गई है और दोषी लोगों का पता लगाने के लिए क्या प्रयास किए गए हैं यह देखना आवश्यक हो गया है। न्यायालय ने केस डायरी तथा अब तक की गई कार्यवाही से संबंधित सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने इस मामले में पिछली सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर कठोर टिप्पणी करते हुए कहा था कि पुलिस इस मामले को बहुत हल्के तौर पर ले रही है। न्यायालय में शासन से यह भी पूछा है कि क्यों नहीं इस मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। मामला यह है कि 32 साल पहले 16 मई 1988 को सोडा का कुंआ ग्वालियर में डकैतों ने रमेशचंद्र गोयल के यहां डकैती डाली थी। डकैतों ने 80 लाख रूपए के जेवर लूटने के बाद रमेशचंद्र गोयल और उनकी पत्नी बसंती देवी की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस केवल एक आरोपी को गिरफ्तार कर सकी थी। लेकिन पुलिस ने डकैतों से 80 लाख रुपए के सोने चांदी के जैवर बरामद कर लिए थे। यह जेवर न्यायालय की सुरक्षा में मालखाने में रखे गए थे। बाद में मालखाने से यह जेवर गायब हो गए। इस मामले में रमेशचंद गोयल की बेटी रूचि गोयल और पु़त्र श्याम गोयल ने न्यायालय में डकैती में जब्त की गई संपत्ति को उन्हें वापस दिलाए जाने का आवेदन दिया। लेकिन जब जांच की गई तो पता चला कि ज़ेवर गायब हो चुके है। इस मामले fir दर्ज हो चुकी है।