शुभ आयोजन में अपशगुन की बातें सोचना भी पाप - जयभान सिंह पवैया

ग्वालियर। राम मंदिर निर्माण के प्रणेता वरिष्ठ भाजपा नेताओं को राम मंदिर निर्माण को लेकर अयोध्या में आयोजित हो रहे शिलान्यास एवं भूमि पूजन में आमंत्रित नहीं किये जाने के सवाल पर भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया का कहना है कि शुभ आयोजन में अपशगुन की बातें सोचना भी पाप है। रविवार को अपने गोला का मंदिर स्थित निवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बात कही। श्री पवैया ने बताया कि आगामी 4 से 6 अगस्त तक अयोध्या में रहेंगे। 3 अगस्त को वह वीर प्रसूता और पौराणिक नदी चम्बल का जल कलश तथा दतिया की सिद्ध पीठ मां पीताम्बरा मंदिर की माटी लेकर अयोध्या रवाना होंगे। आगे उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के आदेश पर वह रवाना हो रहे हैं। श्री पवैया का कहना है कि 4 अगस्त को अयोध्या पहुचकर न्यास को जल और माटी सौपेंगे ताकि ग्वालियर चम्बल अंचल के लोगों की भावनाओं को राम मंदिर की बुनियाद में शामिल किया जाए। राम मंदिर निर्माण के प्रणेता भाजपा के दिग्गज नेताओं को कार्यक्रम में नहीं बुलाने के सवाल पर श्री पवैया ने कहा इस शुभ आयोजन में अपशगुन की बातें सोचना भी पाप है। उनका मानना है एक सभा मंडप में सारे भारत को समा लेना बहुत कठिन है। इसीलिए प्रतिनिधि रूप में देश के लोग उसमें रहने वाले हैं। तुष्टिकरण के कारण किसी को न्योता नहीं दिया जाएगा, यह उन्हें पता है जो ह्रदय से जय श्री राम बोलकर मंदिर निर्माण में शामिल होगा, उसका स्वागत होगा। इसलिए बहुत बड़े मुद्दे पर जाति-मजहब की बातें सोचना छोटेपन की बात है। वहीं श्री पवैया के 5 अगस्त को अयोध्या में आयोजित राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मिलने की सूचना मिलते ही भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं का उनके घर बधाई देने पहुचने का सिलसिला शुरू हो गया। मध्य प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर भी उनसे मिलने पहुचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें बधाई दी।