जिनकी सांसे थम गईं वह तिरंगे में लिपटकर आये- कर्नल एम एस चहल
ग्वालियर। जवान जब सेना में होता है तो वह यह शपथ लेता है कि जिऊंगा तो देश के लिए और मरूंगा तो देश के लिए। 1999 कारगिल युद्ध के 527 अमर शहीदों ने अपनी कसम को बखूबी निभाया। जिन जवानों की सांसे रहीं, वह तिरंगा लहराकर आ गए और जिनकी सांसे थम गईं वह तिरंगे में लिपटकर आये। यानी 527 कारगिल योद्धा युद्ध में लड़ते-लड़ते वीरगति को प्राप्त हो गए। यह उदगार कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को महाराज बाड़े पर आयोजित कार्यक्रम में कर्नल एम एस चहल ने व्यक्त किये। कारगिल शहीद सरमन सिंह खेल एवं शिक्षा प्रसार संस्था मध्य प्रदेश एवं नगर निगम ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित में व्यक्त किये गए। कार्यक्रम में सैन्य बैंड की कमान 19 महार रेजिमेंट के हवलदार जमशेर अली की जिम्मे रही। जबकि सशस्त्र का नेतृत्व नायब सूबेदार 20 ग्रेनेडियर फिरोज खान ने किया। इस मौके पर सैन्य टुकड़ी ने शस्त्र झुका कर अमर ज्योति के सामने शहीद जवानों को सलामी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन ने कहा कि उनकी मानना है कि संत की साधना और सेना के पराक्रम से राष्ट्र मजबूत होता है एवं सुरक्षित रहता है। श्री जादौन ने आगे कहा कि अनेकों बार हमारे देश के सामने कारगिल युद्ध जैसी विषम परिस्थितियां बनी। लेकिन हमारे देश की अटूट एकता और संप्रभुता को कोई पड़ौसी देश खंडित नहीं कर सका। क्योकि तब तब हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र को मजबूती प्रदान की। इसलिए हमारे जवान भी संतों की तरह ही पूज्यनीय हैं। इससे पहले सैन्य बैंड एवं सशस्त्र जवानों की गर्मजोशी के बीच कर्नल एम एस चहल ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को सलामी दी। साथ ही अमर जवान ज्योति के समक्ष पुष्प चक्र अर्पित किए। कारगिल विजय दिवस की 21वीं वर्षगांठ पर प्रथम पुष्प चक्र युद्ध में शहीद सरमन सिंह के भाई एवं संस्था के सचिव विहवल सेंगर ने अर्पित कर सलामी दी। तदुपरांत उपस्थित अतिथियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों का स्मरण किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आयोजकों ने कोरोना महामारी के संक्रमण से बचाव को लेकर केंद्र द्वारा जारी गाईडलाईन का अनुशासित ढंग से पालन किया। इस दौरान प्रमुख रूप से डॉ.मानवेन्द्र सिंह राजावत, जितेंद्र सिंह जादौन, बाबूलाल चौरसिया, रूप सिंह पाल, रवि यादव, संदीप गुर्जर, संजय प्रजापति, पुरुषोत्तम कुशवाहा, राणा सिंह, तथा अंशुमन सेंगर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आखिरी पड़ाव पर सैन्य बैंड ने बीटिंग परेड का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम गायन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव विहवल सेंगर ने किया।