ग्वालियर; बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से लोग परेशान
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर के गृह नगर के कुछ क्षेत्रों में अघौषित बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या अब आम बात हो गई है। लेकिन ऊर्जा मंत्री इस बात को सिरे से खारिज करते हैं। साथ ही भरोसा भी दिलाते हैं अगर कहीं, कोई समस्या है तो उसका त्वरित निराकरण किया जाएगा। शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने bjp की ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की प्रबंध समिति की बैठक के बाद उपस्थित पत्रकारों से बातचीत की। पत्रकारों ने जब ऊर्जा मंत्री श्री तोमर से अघोषित बिजली कटौती और ट्रिपिंग को लेकर प्रश्न पूछा तो उन्होंने 15 महीने की कमल नाथ सरकार और वर्तमान शिवराज सरकार में उपभोक्ताओं को मिल रही बिजली सप्लाई की तुलना करने की बात कही। उनका दावा है कि शिवराज सरकार में हालात सुधरे हैं। आगे ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने आश्वस्त करते हुए कहा कि अगर कहीं कोई समस्या है तो शिकायत मिलने पर निराकरण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि उनके बंगले एवं सबंधित जोन पर बिजली सबंधी शिकायत के प्रभावी निवारण की व्यवस्था की गई है। वहीं अगर बात करें बिजली कटौती और ट्रिपिंग समस्या की तो ग्वालियर दक्षिण, ग्वालियर ग्रामीण, डबरा और भितरवार विधानसभा क्षेत्र में उक्त समस्या उपभोक्ताओं की परेशानी का सबब बनी हुई है।