ऐसा लग रहा है जांच अधिकारी याचिकाकर्ता के पिता के इशारे पर नाच रहे हैं, हाईकोर्ट ने थाना प्रभारी और जांच अधिकारी को किया तलब
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। नाबालिक लड़की के कथित अपहरण के मामले में हाईकोर्ट ने पुलिस की जांच पर कठोर टिप्पणी करते हुए कहा है कि ऐसा लगता है कि जांच अधिकारी याचिकाकर्ता के पिता के इशारे पर नाच रहे हैं। न्यायालय ने थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी को अगली सुनवाई पर केस डायरी एवं इस मामले की कॉल डिटेल के साथ हाजिर होने के निर्देश दिए हैं। न्यायमूर्ति श्री जी एस अहलूवालिया ने एडवोकेट तपेंद्र शर्मा के माध्यम से नाबालिग बालिका की सुरक्षा को लेकर उसकी मां द्वारा प्रस्तुत याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिए हैं। न्यायमूर्ति श्री अहलूवालिया ने अपने आदेश में कहा कि इस मामले के तथ्यों को देखकर ऐसा लगता है कि जांच अधिकारी ने जांच करने के बजाए दिशा निर्देश देने का काम किया है। जांच अधिकारी मामले की जांच तो कर सकता है लेकिन वह धमकी नहीं दे सकता। प्रथम दृष्टया यह मामला अपने अधिकारों के दुरुपयोग का भी नजर आता है । दरअसल नाबालिग बालिका अपने पिता के घर से अलग रह रही मां के यहां पहुंच गई थी जिस पर पिता ने पुलिस थाना पिपरिया जिला देवास में लड़की के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी जानकारी मिलने पर लड़की की मां ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बेटी की शादी उसके पिता द्वारा जबरन की जा रही थी इसलिए वह मेरे पास आ गई थी। बेटी की सुरक्षा के लिए यह याचिका प्रस्तुत की गई। जिसमें कहा गया कि पुलिस उसे परेशान कर रही है। उस पर जबरन धारा 164 के बयान देने के लिए दबाव डाला जा रहा है। न्यायालय ने इस मामले में थाना प्रभारी एवं जांच अधिकारी हिमांशु पांडे की भूमिका को देखते हुए उन्हें 27 जुलाई को न्यायालय में हाजिर होने के निर्देश दिए। न्यायालय ने कहा कि जांच अधिकारी को न्यायालय में हाजिर होकर यह बताना होगा कि वह कानून के किस प्रावधान के तहत फोन पर बालिका की मां को दिशा निर्देश दे सकते हैं। जांच अधिकारी बालिका की मां को किए गए फोन की जानकारी रिपोर्ट भी लेकर आएंगे। न्यायालय ने कहा कि बालिका अपनी मां के साथ खुशी के साथ रह रही है इस संबंध में पुलिस का बयान चौंकाने वाला है। यह वास्तव में आश्चर्यजनक है कि पुलिस अधिकारियों को सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज करने के संबंध में जानकारी नहीं है।