शराब के ठेकों की फिर से नीलामी की आवश्यकता नहीं

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, जबलपुर। हाईकोर्ट ने शराब ठेकेदारों की याचिकाओं का निराकरण करते हुए यह आदेश दिए हैं कि जिन ठेकों का पूर्व में आवंटन हो चुका है उनकी फिर से नीलामी की आवश्यकता नहीं है। मध्यप्रदेश के अनेक ठेकेदारों ने उच्च न्यायालय में लगभग 3 दर्जन से अधिक याचिकाएँ प्रस्तुत करते हुए यह कहा था कि मार्च माह के अंत तक जब ठेके इत्यादि में उनके द्वारा भाग लिया गया था, उस समय कोविड-19 की इतनी भयानक स्थिति नहीं थी। अर्थात् जिस बढ़ी राशि पर उन्होंने ठेके लिए हैं, वह अत्यंत अधिक है और इसलिए कोविड -19 की स्थित को देखते हुए उन्हें ठेके से बाहर आने दिया जाए और उनके द्वारा जमा धरोहर राशि वापस प्रदान की जाए और शराब के ठेकों को पुनः ऑकशन किया जाए । न्यायालय द्वारा प्रारंभिक सुनवाई के दौरान ठेकेदारों के खिलाफ कोई भी कार्यवाही किए जाने पर रोक लगा थी, जिसके उपरांत सरकार के आवेदन पर उन दुकानों को पुनः ऑकशन की अनुमति दी , जो ठेका नहीं चलाना चाहते थे, किंतु ठेकेदारों द्वारा पूर्व में जमा धरोहर राशि को राजसात किए जाने पर रोक लगाई थी । बुधवार को मुख्य न्यायाधिपति ए.के.मित्तल एवं न्यायाधिपति विजय कुमार शुक्ला की अदालत ने सुनवाई होने के उपरांत अपना अंतिम फैसला पारित किया। जिसमें समस्त याचिकाओं को निराकृत करते हुए कहा है, कि पूर्व में आबंटित ठेकों के लिए पुनः ऑकशन करने की आवश्यकता नहीं है। ठेकेदार चाहें तो सरकार के समक्ष ठेके की अवधि दो माह के लिए बढाए जाने का आवेदन कर सकते हैं। जिसके लिए सरकार ने स्वयं ही स्वीकृति प्रदान की है।