ग्वालियर; कम्प्लीट लॉक डाउन में दुकान खोली तो पुलिस ले गई थाने....
ग्वालियर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने भले ही एक हफ्ते का कम्प्लीट लॉक डाउन लागू किया हो, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो तय नियमों का मखौल उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं। फूलबाग पर पुलिस ने ऐसे ही एक दुकानदार पर शिकंजा कसा है जो लॉक डाउन के दौरान अपनी दुकान खोलकर बैठा था।
बुधवार दोपहर पड़ाव थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सेंटर पॉइंट कॉम्प्लेक्स, फूलबाग चौराहे पर एक दुकान खुली है। इसी सूचना पर एएसआई राकेश दुबे और डायल100 टीम मौके पर पहुच गई। पुलिस को सेंटर पॉइंट कॉम्प्लेक्स में तिरुपति इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान खुली हुई मिली। वीडियो गेम्स की इस दुकान में अंदर संचालक गुड्डू खंडेलवाल बैठे मिले। प्रारंभिक पूछताछ में दुकान संचालक गुड्डू खंडेलवाल ने पुलिस को बताया कि एक आवश्यक कार्य होने के चलते वह दुकान पर आए हैं, उन्होंने व्यावसायिक उद्देश्य से दुकान नहीं खोली है। संतोषजनक जबाब नहीं मिलने पर पुलिस फिलहाल दुकान बंद करवाकर दुकान संचालक गुड्डू खंडेलवाल को अपने साथ थाने ले गई है जहां दुकान खोलने की असली वजह जानने का प्रयास कर रही है।