ग्वालियर में एक हफ्ते का लॉक डाउन लागू, बेवजह घूमते मिलने पर होगी सख्त कार्यवाई

ग्वालियर। बीते दो रोज जिले में तीन सैकड़ा नए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिसके चलते आज शाम से एक हफ्ते का कम्प्लीट लॉक डाउन लागू हो गया है। अति आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर अन्य प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रहेंगे। वहीं पुलिस सक्रिय हो गई है और बेवजह तफरी करने वालों को चेतावनी देती नजर आई। साथ ही पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लॉक डाउन के दौरान सख्ती बरतने के संकेत दे दिए। मालूम हो कि जिले के मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 12 जुलाई को 111 और 13 जुलाई को 191 नए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में कलेक्टर ने सोमवार को अधीनस्थ अधिकारियों की एक बैठक आहूत की और शासन को एक हफ्ते का शहर में लॉक डाउन करने का प्रस्ताव भेजा। शासन ने तुरन्त ही जिला प्रशासन को अनुमति दे दी, जिसके बाद मंगलवार शाम 7 बजे से लॉक डाउन लागू हो गया। जिला प्रशासन ने एक आदेश जारी कर अति आवश्यक सुविधाओं को इससे अलग रखा है, जिसमें मेडिकल स्टोर्स, नर्सिंग होम, पैट्रोल पम्प आदि शामिल हैं। लॉक डाउन की निर्धारित अवधि शुरू होते ही पुलिस सड़क पर उतर आई। चौराहों पर बैरिकेट्स लगा दिए गए, बेवजह घूमने वालों को चेवावनी देना शुरू कर दिया गया और कई वाहन चालकों पर चालानी कार्यवाही की गई। रात को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन राउंड पर निकले और जगह जगह मातहतों को दिशा-निर्देश देते देखे गए। वहीं लॉक डाउन का पालन सख्ती से कराने के लिए फ्लैग मार्च निकाले। इस दौरान अनाउंस किया गया कि आमजन अपने घरों में रहे हैं और लॉक डाउन के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। बहरहाल मंगलवार को जिले में 38 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। लेकिन शुरू हो जाने के साथ ही देर रात तक पुलिस लोगों को चेतावनी देकर अपने घरों में रहने की हिदायत देती देखी गई। ऐसे में साफ है कि पुलिस हर हाल में लॉक डाउन का लोगों से पालन कराने प्रयासरत रहेगी, ताकि तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के मामलों की रोकथाम संभव हो सके।