अमिताभ बच्चन के कोरोना संक्रमित होने का मामला, सीएम शिवराज और सिंधिया ने ट्वीट कर की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
ग्वालियर। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के कोरोना संक्रमित होने की खबर आते ही उनके चाहने वालों ने बिग बी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीट में लिखा है "महानायक श्री अमिताभ बच्चन जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करें और पुन: उसी ऊर्जा के साथ अपने काम में डट जायें। हम सबकी शुभकामनाएं आपके साथ हैं !" भाजपा नेता और राज्य सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ट्वीट में लिखा है कि "मैं आपके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। कृपया ध्यान रखें।" इनके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बॉलीबुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी ट्वीट कर बिग बी के शीघ्र सेहतमंद होने की कामना की है।