जिस पत्तल में खाया, उसी में छेद किया - डॉ. गोविंद सिं

ग्वालियर। पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह ने राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है सिंधिया ने जिस पत्तल में खाया है उसी में छेद किया है। मौका था सोमवार को सर्राफा बाजार स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद अमर चंद बाठिया की पुण्यतिथि पर आयोजित कांग्रेस की श्रद्धांजलि सभा का। इस दौरान पूर्व मंत्री के अलावा, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ.देवेंद्र शर्मा, विधायक प्रवीण पाठक, जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष, महाराज सिंह पटेल, अमर सिंह माहौर, मोहन माहेश्वरी, इब्राहिम पठान, वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा, ब्रजमोहन परिहार, वासुदेव शर्मा, सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे। इस अवसर पर सर्वप्रथम पूर्व गृह मंत्री ने अमर शहीद बाठिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत पत्रकारों से चर्चा में कहा कि सिंधिया रियासत के खजाने से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में रानी लक्ष्मीबाई के सैनिकों की आर्थिक सहायता करने पर तत्कालीन महाराज ने अंग्रेजों के साथ मिलकर उन्हें नीम के पेड़ से लटकाकर फांसी दे दी थी। वे उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनके परिवार को नमन करते हैं। सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद अमर शहीद को याद करने के सवाल पर डॉ. गोविंद सिंह बोले उन्होंने हमेशा ही सिंधिया का सैद्धांतिक विरोध किया है। वर्ष 2018 विधानसभा चुनाव में सिंधिया के चेहरे पर मिली जीत के सवाल पर डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि उपचुनाव में पता चल जाएगा सिंधिया की क्या हैसियत थी और कार्यकर्ताओं की क्या। आगे उन्होंने सिंधिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जिस पत्तल में खाया है उसी में छेद किया है। डॉ. गोविंद सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव में समर्थकों को टिकिट नहीं दिए जाने पर सिंधिया ने कांग्रेस प्रत्याशियों का खुलकर विरोध किया था। उन्होंने बताया कि यही हाल लोकसभा चुनाव में हुआ, जब भिंड में कांग्रेस प्रत्याशी आशीष जरारिया और मुरैना में उनका खुद का (डॉ. गोविंद सिंह) सिंधिया ने खुलकर विरोध किया था। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि उस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि ये गद्दार खानदान है इसे यहां से भगाओ। पोस्टर वार के सवाल पर पूर्व मंत्री ने कहा कि वे इस पर भरोसा नहीं करते, लेकिन जो सिंधिया के विरोध में खड़े हैं वे उनका धन्यवाद करते हैं।