नौकरी से हटाए गए पत्रकारों को 1-1 लाख की मदद करें मुख्यमंत्री
ग्वालियर। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के ग्वालियर संभाग के अध्यक्ष प्रदीप मांढरे और महासचिव राजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में अनुरोध किया है कि कोरोना संक्रमण काल में अखबारों, चैनलों ने जिन पत्रकारों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं, उन्हें शासकीय स्तर पर 1-1 लाख रुपये की मदद राशि दी जाए। सोमवार को प्रेस को जारी विज्ञप्ति में श्रमजीवी पत्रकार संघ के उक्त पदाधिकारियों ने बताया है कि जबरदस्त घाटा और विज्ञापन राजस्व न मिलने के कारण विभिन्न सामाचार माध्यमों के प्रबंधन ने अकेले ग्वालियर- चम्बल संभाग में 50 से अधिक पत्रकारों को हटा दिया है। अब इन मीडियाकर्मियों के समक्ष आजीविका का संकट हो गया है। ऐसी स्थिति में शासन के जनसम्पर्क विभाग को पीड़ित पत्रकारों की आर्थिक मदद करनी चाहिए।