विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस ने सौंपा संभागीय आयुक्त को ज्ञापन
ग्वालियर। आज नगर निगम ग्वालियर के तीन बार निर्वाचित रहे कांग्रेस के पूर्व पार्षद एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा के नेतृत्व में सोशल डिस्टेनसिंग का पालन करते हुए एक शिष्टमंडल ने संभागीय आयुक्त श्री एम बी ओझा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि वर्तमान में नगर निगम ग्वालियर में निर्वाचित परिषद नहीं होने के कारण नगर निगम के आयुक्त द्वारा मनमानी पूर्ण तरीके से व अविवेकपूर्ण निर्णय लेकर कोरोना जैसी महामारी के चलते ग्वालियर की आम जनता एवं प्रत्येक भवन स्वामी पर अव्यवहारिक शुल्क थोंप दिया हैं जो कतई व्यवहारिक नहीं है। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पूर्व पार्षद आनंद शर्मा ने बताया है कि निगम आयुक्त ने भवन स्वामियों पर नामांकन शुल्क जो पूर्व में मात्र 50 रुपए लगता था उसे सौ गुना बढ़ाकर 5000 रुपये कर दिया है। इसी प्रकार कचरा शुल्क के नाम पर एक नया कर प्रत्येक दुकानदार पर थोंपा गया है। यदि ग्वालियर के किसी भी दुकानदार के पास 400 वर्गफुट की कोई दुकान है तो उसे 500 रुपये कचरा शुल्क देना होगा और यदि उसकी दुकान 401 वर्ग फुट की है तो उसे 4000 /- रुपये कचरा शुल्क देना होगा जो किसी भी तरह से व्यवहारिक नही कहा जा सकता। जबकि नगर निगम में पूर्व से ही समेकित कर के नाम पर सफाई शुल्क वसूला जा रहा है। कर के ऊपर कर को ज्ञापन देने वालों ने अन्याय बताया है। आनंद शर्मा की मांग है मनमाने ढंग से बढ़ाये गये नामांकन शुल्क एवं कचरा शुल्क को समाप्त किया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि नगर निगम के अधिकांश पुराने कर्मचारी रिटायर हो जाने से नगर निगम ने विगत कुछ वर्षों से ठेका प्रथा प्रणाली के माध्यम से आउट सोर्स कर्मचारियों से कार्य करवाया जा रहा है। साथ ही ऐसे कर्मचारी अपने कार्य को बखूबी अंजाम भी रहे हैं। इतना ही नहीं कोरोना काल में इन्ही आउट सोर्स कर्मचारियों की सहायता से कार्य लिया जा रहा है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि निगम के स्थायी कर्मचारियों की अपेक्षा कोरोना जैसी महामारी के चलते अपनी और अपने परिवार की चिंता किये बगैर पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ शहर के चेकिंग पाइंटों पर कार्य कर अपना फर्ज बखूबी निभाया है। जबकि उनके नियोक्ता ठेकेदार द्वारा नगर निगम ग्वालियर में आउट सोर्स कर्मचारियों को 6 - 6 माह से वेतन भी नहीं दिया जाता है। निगम में 3-3 वर्षो से कार्यरत रहने के बावजूद कर्मचारियों के ईपीएफ के खातों में उनके हिस्से की रकम ठेकेदार द्वारा जमा नही की जा रही है और ना ही ईएसआई कार्ड भी बनाये गए हैं जिससे कभी उनके स्वास्थ्य की हानि होने पर कर्मचारी ओर उनके परिवार को इलाज की सुविधा भी प्राप्त हो सके। इसलिये ठेकेदार द्वारा आउट सोर्स कर्मचारियों पर किये जा रहे अमानवीय व्यवहार के कारण निगम में ठेका प्रथा प्रणाली समाप्त कर उक्त कर्मचारियों का नगर निगम में नियमितीकरण किया जावे। पूर्व पार्षद आनंद शर्मा ने नगर निगम प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अगर उनकी उपरोक्त मांगों पर विचार कर निगम ने सराहनीय एवं व्यवहारिक निर्णय नहीं लिया तो मजबूर होकर कांग्रेसजनों को ग्वालियर के आम नागरिकों, भवन स्वामियों एवं दुकानदारों के हित में गांधीवादी तरीके से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जनआंदोलन करने का मजबूर होना पड़ेगा। इसकी सारी जबाबदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देने वालों में नगर निगम ग्वालियर के पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष चतुर्भुज धनोलिया, मुरार केंटोनमेंट के पूर्व पार्षद राकेश चौहान, पूर्व पार्षद जयनारायण सगर, कांग्रेस नेता मोनू सोलंकी, अनिल शर्मा व अनूप तिवारी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।