सीएम शिवराज ने की ग्वालियर कलेक्टर की तारीफ, कोविड-19 की रोकथाम के लिए अपनाया सफल मॉडल

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर कलेक्टर की प्रशंसा की है। उन्होंने आज वीसी के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में ग्वालियर कलेक्टर द्वारा कोविड-19 की रोकथाम में अपनाए गए मॉडल को सफल बताया और कामकाज की प्रशंसा की है। आपको बता दें कि ग्वालियर जिले में अब तक कुल 23068 टेस्ट हुए हैं, जिनमें 310 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक कोविड-19 के संक्रमण से अब तक 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 255 लोग स्वस्थ्य हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार 59686 संदिग्धों को होम क्वारेन्टीन किया गया और 7431 लोगों को संस्थागत क्वारेन्टीन किया जा चुका है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों और प्रदेश के समस्त कलेक्टर्स एवं कमिश्नर्स के साथ कोविड-19 सहित प्रमुख विषयों को लेकर एक समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में सीएम ने जिला स्तर पर किये जा रहे कोविड-19 की रोकथाम को लेकर कार्यों की सबंधित जिले के कलेक्टर से जानकारी ली। मीडिया सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार सीएम ने ग्वालियर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा अपनाए गए मॉडल को सफल बताया और उनके कामकाज की सराहना की है। वहीं कलेक्टर श्री सिंह ने इस सफलता को पूरी टीम की मेहनत का नतीजा बताया है। उनका कहना है लड़ाई खत्म नहीं हुई है, जारी है। उन्होंने बताया की सीएम ने निर्देश दिए हैं कि 1 जुलाई से घर-घर सर्वे कराया जाना है, इसके लिए तैयारियां की जा रहीं हैं।