ग्वालियर में ढाई सौ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता

ग्वालियर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के ढाई सौ कार्यकर्ता आज कांग्रेस में शामिल हो गए। बागी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक सिंह की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद बागी कार्यकर्ताओं का कहना है भाजयुमो में उनकी लगातार उपेक्षा हो रही थी, जिसके चलते वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं। गुरुवार दोपहर ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के ढाई सौ भाजयुमो कार्यकर्ता डॉ. जय सिंह राठौर के नेतृत्व में शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुचे और पीसीसी के उपाध्यक्ष अशोक सिंह एवं जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने वाले बागी भाजयुमो कार्यकर्ता शहीद भगत सिंह मंडल से जुड़े कार्यकर्ता बताये जा रहे हैं। भाजयुमो कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि ग्वालियर पूर्व के भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस में आस्था जताई है, जिसके बाद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई है। इस दौरान राठौर ने ढाई सौ नामों की एक सूची कांग्रेस नेताओं को सौंपी। वहीं बागी नेता डॉ.जय सिंह राठौर ने कहा कि पार्टी में लगातार उपेक्षा होने के चलते कांग्रेस की सदस्यता ली है। इस मौके पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिला प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा, साहब सिंह गुर्जर, राजकुमार दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।