अब 80 करोड़ लोगों को दीपावली और छठ पूजा तक मिलेगा मुफ्त अनाज - पीएम

नई दिल्ली/ग्वालियर। कोरोना संकट के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने आज शाम देश को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि अब 80 करोड़ लोगों को दीपावली और छठ पूजा तक मुफ्त अनाज मिलेगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने सायं 4 बजे देश को संबोधित किया। इस अवसर पर पीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि ये समय त्योहारों का है जो जरूरतें भी बढ़ाता है, खर्चे भी बढ़ाता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब दीवाली और छठ पूजा तक यानि नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाएगा। जिसके तहत प्रति व्यक्ति 5 किलो गेंहू या चावल और 1 किलो चना प्रतिमाह गरीबों को दिया जाएगा। पीएम ने अपने संबोधन में कंटेन्मेंट जोन में बरती जा रही लापरवाही पर चिंता जताते हुए कहा कि हमें विशेषकर कन्टेनमेंट जोंस पर ध्यान देने की जरूरत है। जो भी लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे, उन्हें टोकना होगा, रोकना होगा और समझाना भी होगा। आखिर में उन्होंने एक बार पुनः देशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि आप सभी स्वस्थ रहिए, दो गज की दूरी का पालन करते रहिए, गमछा, फेस कवर, मास्क का हमेशा उपयोग कीजिये, कोई लापरवाही मत बरतिए।