गैंग रेप कर वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी, कोर्ट ने कहा- ऐसे अपराध में नहीं मिल सकती जमानत
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। आगरा ले जाकर महिला के साथ गैंग रेप कर उसका वीडियो बनाकर पैसे ऐंठने तथा धमकी देकर फिर बलात्त्कार करने के मामले में आरोपी कल्लू राणा के अग्रिम जमानत आवेदन को अदालत ने खारिज करते हुए कहा कि ऐसे मामले में आरोपी को अग्रिम जमानत नहीं मिल सकती। अपर सत्र न्यायाधीश श्री अशोक शर्मा ने कहा कि गंभीर अपराध में पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में जांच के दौरान आरोपी की आवश्यकता को देखते हुए उसे जमानत का लाभ नहीं दिया जा सकता। लिहाजा उसके अग्रिम जमानत आवेदन को न्यायालय ने खारिज कर दिया। आरोपी कल्लू राणा के खिलाफ ग्वालियर थाने में गैंग रेप का मामला दर्ज है। आरोपी की ओर से न्यायालय में प्रस्तुत आवेदन में कहा गया कि उन पर आरोप लगाने वाली महिला पूर्ण रूप से बालिग है, वह अपनी मर्जी से आगरा गई थी, उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे है। प्रकरण के तथ्य इस प्रकार बताए जाते हैं कि 21 मई 20 को किलागेट थाना ग्वालियर में जाकर पीडिता ने बताया कि उसकी शादी को चौदह साल हो गए हैं। उसका पति ड्रायवरी करता है। करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती उसके घर के पास रहने वाली एक महिला से हो गई थी। वह उस महिला पर काफी विश्वास करने लगी। इस महिला ने उसकी दोस्ती कल्लू राणा एवं मनोज ठाकुर से करा दी थी। वह 2019 में रक्षाबंधन के लिए अपने मायके कोटेश्वर मंदिर के पास किलागेट गई थी तभी उसकी पडोसन ने कहा कि चलो आगरा घूमने चलते हैं तो वह उसकी पडोसन और कल्लू व मनोज के साथ कार से 16 अगस्त 19 को आगरा गए। यहां उन्होंने एक होटल में खाना खाया। यहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया गया था। अगले दिन जब उसे होश आया तो मनोज उसके कमरे में था। तभी उसकी पडोसन और कल्लू उसके कमरे में आ गए और उन्होंने उसकी वीडियो दिखाते हुए कहा कि अगर उसने किसी से कुछ कहा तो यह वीडियो वायरल कर देंगे। फिर वे लोग ग्वालियर आ गए। वह पांच दिन अपने मायके में रही, इसके बाद पति उसे घर ले गया। बाद में पडोसन उससे धमकी देकर पैसे लेती रही। आरोपी कल्लू और मनोज ने उसे कई बार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बुलाकर बलात्कार किया। पीडिता की रिपोर्ट पर आरोपीगण के खिलाफ धारा 376 डी,34 भादसं के तहत मामला दर्ज किया गया।