अदालत ने सुनाई थी सात साल की सजा, 6 माह अधिक भुगती, हाईकोर्ट ने किया दोषमुक्त
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर ग्वालियर। उच्च न्यायालय ने हत्या का प्रयास करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आरोप प्रमाणित न पाते हुए उन्हें दोषमुक्त तो कर दिया लेकिन शासन को निर्देश दिए कि ऐसे आरोेपी जिन्हेांने या तो अपनी सजा पूरी कर ली है या फिर आधी सजा भुगत चुके हैं उनके पुनर्वास के लिए योजना तैयार करे। दोषमुक्त आरोपियों में एक आरोपी को 7 साल की सजा सुनाई जा चुकी थी और वह 7 साल 6 माह की सजा भुगत चुका है। न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक ने यह आदेश जितेन्द्र उर्फ कल्ली एवं रामदीन की अपील को स्वीकार करते हुए दिए हैं। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि प्रकरण की परिस्थिति को देखते हुए शासन का ध्यान इस ओर दिलाया जाना जरूरी है कि ऐसे आरोपी जो कि छोटे मोटे कारणों से जेल जाते हैं इस कारण उनके मन पर जो प्रभाव पडता है उसे दूर करने के लिए सरकार को मनोचिकित्सकों व मनोवैज्ञानिकों की सेवाओं का लाभ उठाना चाहिए। उनकी काउंसलिंग करानी चाहिए। उन्हें एक हिलिंग टच भी दिया जा सकता है जिससे कि समाज की मुख्य धारा में शामिल हो सकते हैं। क्योंकि कारावास की लंबी अवधि जीवन में काली छाया कि तरह उनके मस्तिष्क को प्रभावित कर सकती है जो कि आरोपियों को विद्रोही भी बना सकती है। इसलिए उनकी नियमित काउंसलिंग उन्हें उपेक्षा से बचा सकती है। न्यायालय का कहना है कि ट्रायल के चलते जमानत पर रिहा होने वाले आरोपी अपने पक्ष में आदेश प्राप्त करने के लिए परेशान रहते हैं। यह परेशानी मानसिक और मनोवैज्ञानिक होने से उनके लिए बहुत ही दुखद होती है। कई बार परिवार के लोग भी उन्हें अपराधी मानते हैं और उनका व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं होता है। ऐसे में ये आरोपी या तो और बडा अपराध कर सकते हैं या फिर वे डिप्रेशन में चले जाते हैं। इसलिए उनका पुनर्वास जरूरी है। उच्च न्यायालय ने आदेश का पालन हो इसके लिए इस आदेश की प्रति प्रदेश के मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव विधि विधाई विभाग को भेजे जाने के निर्देश भी दिए हैं। न्यायालय ने यह उम्मीद जताई है की इस आदेश पर ईमानदारी के साथ विचार कर कदम उठाए जाएंगे। न्यायालय ने कहा कि यह दुःखद ही है कि एक आरोपी समोखन को अधीनस्थ न्यायालय ने 19 अप्रैल 2009 को सात साल के कारावास की सजा सुनाई गई थी जबकि वह सात साल छह माह की सजा भुगत चुका है। जिस अपराध में उसने यह सजा भुगती उसमें अधिकतम सात साल की सजा सुनाई जाती है। उपरोक्त प्रकरण के तथ्य इस प्रकार बताए जाते हैं कि जितेन्द्र उर्फ कल्ली को 10 नवंबर 2017 को विशेष न्यायाधीश ने भादसं की धारा 307 एवं मध्यप्रदेश डकैती अधिनियम के अपराध में सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। इस सजा के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में अपील की जिसे न्यायालय ने स्वीकार करते हुए उक्त आदेश दिए। घटना 15 फरवरी 2009 की है जिसमें शिकायतकर्ता इंसपेक्टर हितेन्द्र सिंह थाना सरायछोला मुरैना को सूचना मिली कि डकैत राजेन्द्र गुर्जर और उसके साथी समोखन, जितेन्द्र, सुरेन्द्र, रामदीन, रामसेवक, रंजीत, कुमार गर्जर, मचल सिंह आदि नादुपुरा में चंबल के बीहडो में डकैती
की योजना बना रहे हैं। पुलिस पार्टी ने डकैतों के लीडर राजेन्द्र से
कहा कि वे समर्पण कर दें लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तीन डकैतों को मौके से गिरफ़्तार कर लिया था।
न्यायालय ने इस मामले को संदेह के परे प्रमाणित नहीं पाने पर आरोपीगण को दोषमुक्त कर दिया।