ग्वालियर में संगीताचार्य पंडित सीताराम शरण महाराज एवं 1857 के शहीद संतों को दी स्वरांजलि

ग्वालियर। ग्वालियर घराने के मूर्धन्य गायनाचार्य पंडित सीताराम शरण महाराज उन विरले संगीतज्ञों में शुमार थे जिन्होंने अपनी स्वर साधना से आध्यात्मिक चमक ही पैदा नहीं की वल्कि जीवन पर्यंत सुरों को जिया।संगीत के प्रति उनका प्रेम स्तुत्य है। ग्वालियर घराने के मूर्धन्य गायक पंडित कृष्णराव शंकर पंडित से उन्होंने संगीत की शिक्षा प्राप्त की और फिर अनेक शिष्य तैयार किये। शिष्यों के प्रति उनका पुत्रवत स्नेह अविस्मरणीय है। ग्वालियर घराने के संगीत में उनके योगदान को भुलाया नही जा सकेगा। उक्त उदगार आज यहां लक्ष्मीबाई कॉलोनी में स्थित श्री गंगादास जी की बड़ी शाला में पंडित सीताराम शरण जी महाराज की याद में आयोजित स्वरांजलि कार्यक्रम में उनके शिष्यों ने व्यक्त किये। सांगीतिक संस्था रागायन द्वारा आयोजित इस संगीत समारोह में 1857 के स्वतंत्रता समर में रानी लक्ष्मीबाई की पार्थिव देह की रक्षा करते हुए शहादत को प्राप्त हुए संतों का भी पुण्य स्मरण किया गया। समारोह की अध्यक्षता रागायन के अध्यक्ष एवं श्री गंगादास जी की बड़ी शाला के पीठाधीश्वर महंत स्वामी रामसेवकदास जी महाराज ने की। स्वरांजलि कार्यक्रम की शुरुआत प्रशस्ति गान से हुई। पंडित सीताराम शरण महाराज की शिष्याओं श्रीमती साधना गोरे एवं डॉ वीणा जोशी ने इसकी शानदार प्रस्तुति दी। श्री महेशदत्त पांडे द्वारा रचित इस प्रशस्ति के बोल थे - " जय गुरुदेव नमन, पंडित सीताराम शरण।" राग मिस्र भैरवी के स्वरों में इसे इन शिष्यों ने ही तैयार किया था। अगली प्रस्तुति में साधना जी एवं वीणा जी ने राग भैरव में एक बंदिश पेश की। मध्यलय तीनताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे -" पिया मिलन की बारी रे.." इस बंदिश को दोनों ने ही बड़े सलीके से इस तरह पेश किया कि राग का स्वरूप निखरता चला गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्वरांजलि के साथ हुआ। पंडित सीताराम शरण जी के शिष्यों में शुमार पंडित उमेश कंपूवाले ,अनंत महाजनी, महेशदत्त पांडे, शरद बक्षी ने राग बैरागी भैरव के स्वरों में पगी बंदिश - सकल गुणी गावे पार न पावे-- " की प्रस्तुति बेहतरीन प्रस्तुति दी। तीन ताल मध्यलय में इस प्रस्तुति में चारों ही गायकों ने खूब रंग भरे। इन रंगों से स्वरों का एक ऐसा कोलाज़ बना कि जिसमें सांगीतिक रंजकता भी थी तो स्वरों का आध्यत्मिक स्वरूप भी खूब निखरा। दोनों ही प्रस्तुतियों में तबले पर ग्वालियर घराने के वरिष्ठ तबला वादक श्री अनंत मसूरकर ने बडी ही सटीक संगत की वही हारमोनियम पर श्री संजय देवले ने साथ दिया। अपने अध्यक्षीय उदबोधन में रागायन के अध्यक्ष एवं शाला के महंत श्री रामसेवकदास जी महाराज ने कहा कि रागायन संस्था पूज्य गुरुजी पंडित सीतारमन शरण जी द्वारा ही स्थापित है। आज उसका जो भी स्वरूप है, उसमें उन्हीं का संकल्प है। हमारा जीवन उन्हीं का दिया हुआ है। उनसे जितना स्नेह मिला उसका शब्दों में बखान नहीं किया जा सकता। संगीत के प्रति उनके समर्पण को ध्यान में रखकर हम सब संगीत सेवा के कार्य को बढ़ रहे हैं। रागायन का नाम देश दुनिया में फैले हम सब इसके लिए संकल्पित हैं। कार्यक्रम में गुरुजी के शिष्यों ने भी अपने संस्मरण सुनाए।कार्यक्रम का संचालन एवं आभार संस्था के सचिव पंडित रामबाबू कटारे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जाने माने समाजसेवी महेश मुदगल , भागवताचार्य संतोष कांकोरिया, अरुण धर्माधिकारी, आदि उपस्थित थे। कोरोना गाइड लाइन का पालन किया। स्वरांजलि का यह कार्यक्रम कोरोना गाइड लाइन का पूर्णतः पालन करते हुए किया गया। प्रत्येक व्यक्ति को सेनेटाइजर से हाथ धुलवाकर ही प्रवेश दिया गया। कार्यक्रम में सभी मास्क लगाकर ही आये साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह से पालन किया गया। गायकों ने भी मास्क लगाकर ही स्वरांजलि दी।