ग्वालियर में सुरा प्रेमियों के चेहरे खिले, कई शराब दुकानों पर पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
ग्वालियर। लंबे इंतजार के बाद आज जिले में संचालित देशी और विदेशी शराब दुकाने खुल जाने के बाद सुरा प्रेमियों के चेहरे खिल गए। हालांकि शुरुआत में 44 देशी व विदेशी मदिरा की दुकानें खोली गईं है जबकि कुल 113 शराब दुकानों से पूर्व में बिक्री की जा रही थी। जिले के सहायक आबकारी आयुक्त श्री संदीप शर्मा के अनुसार फूलबाग,सिटी सेंटर, गोले का मंदिर, हजीरा,पुरानी छावनी, महाराज वाडा, हनुमान चौराहा, चीनोर,डबरा और भितरवार सहित प्रमुख दुकानों को खोल दिया गया है। जिनका संचालन आबकारी बिभाग करेगा, इसलिए उक्त दुकानों पर एक-एक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों को तैनात किया गया है। श्री शर्मा ने जानकारी दी है कि आगामी दिनों में होमगार्ड के जवान मिलने के बाद सभी दुकानें खोल दी जाएंगी। वहीं मंगलवार को शराब की पुनः बिक्री शुरू होने के बाद सुरा प्रेमियों का शराब दुकानों पर तांता लग गया। फूलबाग चौराहा स्थित अंग्रेजी एवं देशी मदिरा दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए पड़ाव पुलिस को खासी मशक्कत भी करनी पड़ी।