हाईकोर्ट ने अब तक 50 से अधिक आरोपियों को कोरोना वारियर्स बनाए जाने के लिए दिए निर्देश, देश के प्रति लोगों के मौलिक कर्तव्य को याद दिलाते हुए हाईकोर्ट ने दिए यह आदेश

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। वैश्विक महामारी कोरोनावायरस का प्रकोप भारत में लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सभी का चिंतित होना स्वाभाविक है वही हमारे न्यायालयों की इसे लेकर चिंता भी फैसलों में व्यक्त हो रही है। कोरोना काल में उच्च न्यायालय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रकरणों की सुनवाई करते हुए जहां एक और पक्षकारों को लाभ पहुंचाया वहीं विभिन्न मामलों में आरोपियों को जमानत का लाभ तो दिया साथ ही उन्हें उनके सामाजिक दायित्व को याद दिलाते हुए उन्हें कोरोना वारियर्स बनाए जाने के निर्देश दिए। उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर ने आधा सैकड़ा से अधिक मामलों में आरोपियों को जमानत का लाभ देकर कोरोना वारियर्स बनाया है। न्यायालय ने आरोपियों के जमानत आवेदनों को स्वीकार करते हुए कहा कि जब भी राष्ट्र पर कोई संकट आता है तब उस संकट से निपटने के लिए खड़े होना हर नागरिक का मौलिक कर्तव्य है। इसी कर्तव्य को याद दिलाते हुए आरोपियों को कोरोना वारियर्स बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। इन मामलों में कलेक्टरो को निर्देश देते हुए कहा गया कि वे आरोपियों के नाम कोविड-19 वारियर के रूप में रजिस्टर में दर्ज करें। इन याचिकाकर्ता आरोपियों का वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए चल रहे कार्यों में उपयोग किया जा सकेगा । किस आरोपी को कितना, किस अवधि में, कब कब काम देना है यह कलेक्टर तय करेंगे। न्यायालय ने उम्मीद जताई कि आरोपी संविधान के अनुच्छेद 15ए (डी) के तहत जो दायित्व तय किए हैं उनका पालन करेंगे। न्यायालय ने यह भी कहा कि कोविड-19 को लेकर न्यायालय ने जो दिशानिर्देश आरोपियों को लेकर दिए हैं यदि उनका पालन नहीं किया जाता है तो उसकी सूचना कलेक्टर को रजिस्ट्री को देना होगी। उच्च न्यायालय ने डकैती, हत्या, हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी सहित अन्य ऐसे मामलों में प्रस्तुत किए गए तथ्यों को देखते हुए आरोपियों को जमानत का लाभ देते हुए उक्त निर्देश दिए।