1 जून से हो सकती है खुली अदालतों में सुनवाई !
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री मनन कुमार मिश्रा ने देश के मुख्य न्यायाधीश श्री एस ए बोबडे को पत्र लिखकर 1 जून से देश की सभी अदालतों में खुली सुनवाई शुरू किए जाने के लिए उचित दिशा निर्देश दिए जाने के लिए आग्रह किया है। बीसीआई अध्यक्ष के पत्र में कहा गया है कि राज्यों की अधिवक्ता परिषदों से विचार विमर्श के बाद यह सामने आया है कि अधिकांश अधिवक्ता परिषद चाहती है कि खुली अदालत में सुनवाई प्रारंभ की जाए। लोक डाउन के समाप्त होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की वर्तमान व्यवस्था को समाप्त किया जाना चाहिए। बार काउंसिल ऑफ इंडिया का कहना है कि लोक डाउन के बाद शुरू की गई व्यवस्था कुछ ही वकीलों के लिए ठीक है जबकि 95% वकील इस व्यवस्था से असहज हैं। वर्तमान में केवल अति आवश्यक मामलों की ही सुनवाई हाई कोर्ट एवं निचली अदालतों में की जा रही है। पत्र में कहा गया है कि कुछ अधिवक्ताओं के ही मामले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली सुनवाई में लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में अधिवक्ताओं की शिकायतें भी प्राप्त हुई है। इस व्यवस्था से वास्तव में पक्षकारों को लाभ नहीं हो पा रहा है। पत्र में कहा गया है कि इस व्यवस्था से कुछ प्रभावशाली लोगों को ही लाभ मिला है। अधिवक्ताओं द्वारा इस प्रकार की शिकायतें लगातार की जा रही हैं। इन संदेशों में बार-बार यह कहा जा रहा है की अधिकांश अधिवक्ताओं को इस व्यवस्था से काफी नुकसान हो रहा है। इससे उनमें आक्रोश भी उत्पन्न हो रहा है।