बैंक केंद्र सरकार के नियमों का पालन करें - हाईकोर्ट

वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। हाईकोर्ट ने लोन की राशि जमा नहीं करने पर की जाने वाली नीलामी की कार्यवाही पर रोक लगाते हुए बैंक को केंद्र सरकार द्वारा कोरोना महामारी के चलते दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करने के आदेश दिए हैं। हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता मेसर्स गिर्राज एसोसिएट की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिए है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता आर.के.सोनी का तर्क था कि याचिकाकर्ता और बैंक के बीच भुगतान के लिए समझौता वार्ता हुई थी। जिसमें याचिकाकर्ता को 7500000 रुपये का भुगतान बैंकों को करना था। याचिकाकर्ता को यह राशि 3 माह में जमा करनी थी। याचिकाकर्ता ने 300000 रुपये जमा भी कर दिए थे। शेष राशि जमा करने के लिए याचिकाकर्ता ने समय की मांग की थी लेकिन उसका आवेदन निरस्त कर दिया गया। याचिकाकर्ता का कहना था कि कोरोना महामारी के चलते वह शेष राशि जमा करने में असमर्थ है इसलिए उसे कुछ समय और दिया जाए। बैंक ने याचिकाकर्ता के आवेदन को अस्वीकृत कर संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। इस प्रक्रिया को रोकने एवं कोरोना काल के कारण चल रहे लोक डाउन को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप याचिकाकर्ता को समय दिए जाने की मांग को लेकर प्रस्तुत याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने उक्त दिशा निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने कहा कि इस संबंध में भारत सरकार के दिशा निर्देशों का पालन किया जाए।