ग्वालियर में ज्योतिरादित्य सिंधिया के पोस्टर चिपकाए जाने का मामला, न्यायालय ने कांग्रेस प्रवक्ता सहित 3 को दी जमानत
ग्वालियर। जिला न्यायालय ने कांग्रेस के उन तीन नेताओं की जमानत याचिका सोमवार को स्वीकार कर ली, जिनके खिलाफ झांसी रोड थाने में रविवार को धारा 188, संपत्ति विरूपण अधिनियम एवं 505 (1) (C) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रवक्ता सिद्धार्थ सिंह राजावत और उनके दो साथी अभिषेक भदौरिया व जवान गुर्जर पर उक्त प्रकरण भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। सिद्दार्थ और उनके साथियों पर आरोप है कि उन्होंने नदिगेट स्थित जय विलास परिसर के बाहर भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की गुमशुदगी के पोस्टर लगाए थे और उनका सुराग बताने वाले को 5100 रुपए का इनाम दिए जाने की घोषणा की थी। उपचुनाव से पहले छिंदवाड़ा से शुरू हुए 'पोस्टर वार' में ग्वालियर रविवार बेहद को गर्म रहा। रविवार देर शाम कांग्रेस नेताओं को जिला न्यायालय में पेश किया गया था। परन्तु उनकी पेशी नहीं हो सकी। लिहाजा सोमवार दोपहर पकड़े गए तीनों आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। बचाव पक्ष के वकील सौरभ पाराशर का कहना था कि यह पोस्टर राजनैतिक नहीं था बल्कि एक जनसेवक के नाते लगाया गया था। अभिव्यक्ति की आजादी का अधिकार भारतीय संविधान में दिया हुआ है उसी के तहत यह पोस्टर लगाए गए थे। जिसमें किसी भी राजनीतिक दल का उल्लेख नहीं था ।यह भारतीय संविधान के आर्टिकल 19 के तहत अपलिखित है कि इसी तरह के एक मामले में कोलकाता हाईकोर्ट ने एक जर्नलिस्ट्स को जमानत दी थी। बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद एडीजे कोर्ट ने सिद्धार्थ सिंह राजावत, अभिषेक भदौरिया और जवान गुर्जर को पच्चीस पच्चीस हजार के निजी मुचलके पर जमानत पर छोड़ने के आदेश जारी किए। इस मौके पर कांग्रेसी प्रवक्ता सिद्धार्थ सिंह राजावत का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और आवाज उठाने वालों पर दमन की नीति अपना रही है। उन्होंने अपरोक्ष रूप से ज्योतिरादित्य सिंधिया पर सामंतवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।