'29 साल पहले, आज ही के दिन वह मनहूस रात !'

आज 21 मई है। इसी दिन 1991 की रात में दैनिक भास्कर के ग्वालियर कार्यालय में 'लेट नाइट शिफ्ट' में था। एडिटर ,चीफ सिटी रिपोर्टर व अन्य रिपोर्टर अपने-अपने घर चले गए थे। पहला पेज, स्पोर्ट्स पेज ,व्यापार पेज के इंचार्ज पत्रकार अपने-अपने पेजों की पेस्टिंग कराने की तैयारी में थे। और - मैं भी अपने सिटी पेजों को लगवा रहा था। रात के लगभग 11 बज रहे होंगे। अचानक मेरी नजर टेलीप्रिंटर की ओर गई- राजीव गांधी की तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में बम विस्फोट में मौत ....में चीखा ..जिसने भी सुना, अवाक रह गया। पहले पेज के इंचार्ज एडिटर टेलीप्रिंटर की ओर लपके ,पूरी खबर का बेसब्री से इंतजार करने लगे। तुरंत जनरल मैनेजर देवेंद्र तिवारी और चीफ सिटी रिपोर्टर कैलाश परिहार को फोन कर इस हादसे की जानकारी दी गई। वहां से मिले दिशा-निर्देशों के अनुरूप अखबार तैयार हुआ। पहले से तैयार पेज बदले गए। उस मनहूस रात का मौसम भी मनहूस जैसा था। आंधी चल रही थी, बरसात हो रही थी। देर रात 1 बजे भीगते हुए मैं घर पहुंचा। टेलीप्रिंटर कि वह झकझोर देने वाली खबर कई दिनों तक मन मस्तिष्क को विचलित किए रही। आज राजीव गांधी की 29 वीं पुण्यतिथि पर वह घटना नजरों के सामने आ गई। ( लेखक - श्री प्रदीप मांढरे, संपादक, ग्वालियर हलचल सांध्य दैनिक )