पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को किया संबोधित, 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का किया ऐलान, लॉक डाउन 4 की मिलेगी 18 मई से पहले जानकारी

ग्वालियर। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज अपने संबोधन में बड़े आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है और लॉक डाउन 4 के बारे राज्यों के मुख्यमन्त्रियों से सुझाव आने के बाद 18 मई से पहले निर्णय लेने की बात कही है। पूर्व निर्धारित संबोधन के तहत आज यानी मंगलवार रात 8 बजे पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। 33 मिनिट के अपने उद्बोधन में उन्होंने दो अहम बातें कही हैं। जिनमें पहली आत्म निर्भर अभियान के तहत जीडीपी का 10 फीसदी यानी 20 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की है। इस पैकेज के जिक्र के दौरान पीएम ने लॉक डाउन से प्रभावितों को उबरने की कोशिश किये जाने की बात कही है। जिसकी विस्तार से जानकारी कल यानी बुधवार से वित्त मंत्री देंगी। पीएम ने दूसरी महत्त्वपूर्ण बात ये कही कि लॉक डाउन 4 के लिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सुझाव मांगे गए हैं। जिस पर 18 मई से पहले देशवासियों को अवगत कराया जाएगा।